
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। जनपद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भोपा में बुधवार सुबह मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने औचक निरीक्षण किया। सुबह करीब 9:55 बजे हुए निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र की चिकित्सा सेवाओं, साफ-सफाई, दवा उपलब्धता, ओपीडी संचालन, अभिलेखों के रखरखाव तथा कर्मचारियों की उपस्थिति का गहन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में महिला चिकित्सक सहित छह स्वास्थ्यकर्मी अनुपस्थित पाए गए, जिस पर सीएमओ ने नाराजगी जताते हुए तत्काल स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान डॉ. यशस्वी जैन (महिला चिकित्सक), सुप्रिया सिंह, दीपा, प्रवीण और ग्लोरियस (स्टाफ नर्स) तथा विपिन (लैब टेक्नीशियन) अनुपस्थित मिले। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय कुमार को निर्देशित किया कि सभी अनुपस्थित कर्मचारियों से तत्काल स्पष्टीकरण लेकर अपनी आख्या प्रस्तुत करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित कार्मिकों के खिलाफ नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया ने सभी स्वास्थ्यकर्मियों को समय से ड्यूटी पर उपस्थित रहने और मरीजों को गुणवत्तापूर्ण, संवेदनशील एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रत्येक स्वास्थ्यकर्मी की जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।












Total views : 372812