
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर/रुड़की: रुड़की की एप्रो ओवरसीज प्राइवेट कम्पनी की निदेशक अभिलाषा सिंह ने जिले के कुछ लोगों पर जमीन खरीद के नाम पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने का गंभीर आरोप लगाया है। सोमवार को आयोजित एक पत्रकार वार्ता में उन्होंने मामले का खुलासा करते हुए प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई।
महिला उद्यमी अभिलाषा सिंह ने सोमवार को मुजफ्फरनगर में पत्रकारों से वार्ता करते हुए बताया कि वह एप्रो ओवरसीज प्राइवेट लिमिटेड और एप्रो ग्लोबल लिमिटेड की निदेशक हैं। कंपनी की ओर से उत्तर प्रदेश की औद्योगिक विकास नीति से प्रेरित होकर जनपद मुजफ्फरनगर के मौजा मांडला में एक विशाल इंडस्ट्रियल पार्क स्थापित करने की योजना तैयार की गई थी। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के माध्यम से क्षेत्र के कम से कम पाँच हजार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और औद्योगिक विकास को गति देने का लक्ष्य रखा गया था।
करोड़ों रुपये देने के बावजूद नहीं कराई रजिस्ट्री: अभिलाषा सिंह ने बताया कि परियोजना के लिए जमीन खरीदने के सिलसिले में उनकी मुलाकात जिले के दो लोगों, जितेंद्र वर्मा और मुशीर आलम से हुई थी। उन्होंने बरला क्षेत्र के करीब 25 लोगों के माध्यम से जमीन उपलब्ध कराने और कंपनी के नाम बैनामा कराने का भरोसा दिलाया था।
आरोप है कि जमीन खरीदने, कंपनी के नाम रजिस्ट्री कराने और भूमि पर भराव कराने के आश्वासन पर अलग-अलग व्यक्तियों और उनके परिजनों के बैंक खातों में करोड़ों रुपये की धनराशि ट्रांसफर कराई गई। करीब सात करोड़ रुपये में सौदा तय हुआ था, लेकिन रकम प्राप्त करने के बावजूद संबंधित लोगों ने कंपनी के पक्ष में जमीन की रजिस्ट्री नहीं कराई। बाद में विक्रेताओं ने जमीन के रेट बढ़ाने की बात कहकर उन्हें फंसाने की कोशिश की। बाद में जमीन पर लोन होने की जानकारी भी सामने आई, जिसका पहले कोई जिक्र नहीं किया था।
मंगलौर कोतवाली में मुकदमा दर्ज: पीड़ित निदेशक ने बताया कि इस संबंध में पहले एसएसपी और डीएम को भी शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन संतोषजनक परिणाम न मिलने पर हरिद्वार जनपद की कोतवाली मंगलौर में मुकदमा दर्ज कराया गया है। उन्होंने कहा कि वह इस जमीन को खरीदकर क्षेत्र में जल्द से जल्द इंडस्ट्रियल पार्क स्थापित करना चाहती हैं, जिससे स्थानीय स्तर पर लोगों को रोजगार मिल सके। पत्रकार वार्ता के दौरान उनके साथ आलोक कुमार समेत अन्य लोग भी मौजूद रहे।
Post Views: 56











Total views : 446487