
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर: होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज में मार्शल आर्ट चैंपियनशिप-2026 का भव्य और उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने ताइक्वांडो, बॉक्सिंग, ननचाकू और म्यूजिकल मार्शल आर्ट में अपनी अद्भुत प्रतिभा और दमखम का प्रदर्शन कर सभी को अचंभित कर दिया।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ रालोद जिलाध्यक्ष संजय राठी, जिला क्रीड़ा अधिकारी भूपेंद्र सिंह यादव, प्रधानाचार्य अनिल शास्त्री और प्रधानाचार्य प्रवेंद्र दहिया ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर अतिथियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि मार्शल आर्ट केवल एक खेल नहीं है, बल्कि यह बच्चों में आत्मरक्षा की भावना, अनुशासन और आत्मविश्वास विकसित करने का एक बेहतरीन माध्यम है।
संगीत की धुनों पर थिरके मार्शल आर्ट के कदम: प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में असद, मानवी, रक्षित, काव्या और अस्फान ने अपनी-अपनी स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं जूनियर वर्ग में सैफी, अनवीश, सोनाक्षी और अरमान सहित कई अन्य होनहार खिलाड़ियों ने भी अपनी श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।
समारोह के दौरान संगीत की धुनों पर आधारित ‘म्यूजिकल मार्शल आर्ट’ का प्रदर्शन मुख्य आकर्षण का केंद्र रहा, जिसकी दर्शकों और अतिथियों ने मुक्तकंठ से सराहना की।
सफल संचालन के लिए रेफरी टीम की सराहना: प्रतियोगिता के सफल, सुचारू और निष्पक्ष संचालन में कोच राखी सूर्य देव, श्रीमती अंजू, श्री कन्हैया तथा श्री प्रहलाद सैनी ने निर्णायक (रेफरी) की महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रधानाचार्य ने आए हुए सभी अतिथियों, कोचों और अभिभावकों का आभार व्यक्त किया तथा सभी प्रतिभागी बच्चों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
Post Views: 61












Total views : 446598