Select Language :

Home » संपादकीय कॉलम » आठवां वेतन आयोग: देश में करोड़ो कर्मचारियों और पेंशनर्स को नए वेतनमान का इंतजार

आठवां वेतन आयोग: देश में करोड़ो कर्मचारियों और पेंशनर्स को नए वेतनमान का इंतजार

-वेतन ढांचे में बड़े बदलाव की तैयारी: नई उम्मीदों का होगा नया सवेरा
ओ.पी. पाल (स्वतंत्र पत्रकार)
भारत में केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए ‘वेतन आयोग’ केवल एक वित्तीय समीक्षा नहीं, बल्कि उनके जीवन स्तर को तय करने वाला सबसे बड़ा प्रशासनिक दस्तावेज होता है। हर दस साल में आने वाले इस बदलाव की श्रृंखला में अब आठवें वेतन आयोग की सुगबुगाहट अपने चरम पर है। वर्ष 2026 में प्रवेश करते ही सातवें वेतन आयोग का कार्यकाल तकनीकी रूप से समाप्त हो चुका है और आठवें वेतन आयोग के गठन व उसकी सिफारिशों को लेकर देशभर के करीब 49 लाख केंद्रीय कर्मचारियों और 68 लाख से अधिक पेंशनभोगियों की नजरें सरकार के हर कदम पर टिकी हैं। क्योंकि भारतीय प्रशासनिक और आर्थिक सुधारों की दिशा में आठवां वेतन आयोग एक संतुलित दृष्टिकोण की आवश्यकता के लिए एक मील का पत्थर है। यह बढ़ते जीवनयापन के खर्च और महंगाई के दौर में सरकारी कर्मचारियों को एक सम्मानजनक और सुरक्षित जीवन देने का माध्यम है। जहां कर्मचारी वर्ग एक उच्च फिटमेंट फैक्टर की उम्मीद कर रहा है, वहीं सरकार को देश की आर्थिक स्थिरता, मुद्रास्फीति के नियंत्रण और बुनियादी ढांचे के विकास के बजट को भी देखना है। बहराल देश के करोड़ो कर्मचारियों और पेंशनरों को वेतन ढांचे में बड़े बदलाव में नए सवेरा होने का इंतजार है।

How to Make a News Portal

भारत सरकार द्वारा केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी देने के बाद सुप्रीम कोर्ट की सेवानिवृत्त न्यायाधीश न्यायमूर्ति रंजना प्रकाश देसाई की अध्यक्षता में आठवें वेतन आयोग का औपचारिक गठन किया जा चुका है। आयोग में उनके साथ प्रोफेसर पुलक घोष (अंशकालिक सदस्य) और पंकज जैन (सदस्य-सचिव) शामिल हैं। प्रशासनिक दिशानिर्देशों के अनुसार, आयोग को गठन के बाद अपनी अंतिम रिपोर्ट सौंपने के लिए 18 महीने का समय दिया गया है। उम्मीद की जा रही है कि न्यायमूर्ति रंजना प्रकाश देसाई की अध्यक्षता वाला यह आयोग मध्य-2027 तक एक ऐसा संतुलित और व्यावहारिक फॉर्मूला पेश करेगा, जो कर्मचारियों की आकांक्षाओं को भी पूरा करे और देश की आर्थिक रफ्तार को भी नई ऊर्जा दे। तब तक, कर्मचारियों को छमाही आधार पर मिलने वाले महंगाई भत्ते (डीए) के जरिए अंतरिम राहत मिलती रहेगी। इस दिशा में आयोग ने कर्मचारी यूनियनों, रक्षा कर्मियों, पेंशनभोगी संगठनों और अन्य हितधारकों से सुझाव व मांगपत्र प्राप्त करने के लिए ‘MyGov’ और आधिकारिक पोर्टल (8cpc.gov.in) के माध्यम से 15 जून 2026 की अंतिम तिथि देकर ऑनलाइन प्रक्रिया शुरू की थी, लेकिन हितधारकों की मांग पर सुझाव दर्ज करने के लिए समयावधि को विस्तार दिया है और फिलहाल आयोग देश के विभिन्न हिस्सों में जाकर जमीनी स्तर पर हितधारकों और कर्मचारी संघों के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर रहा है। अप्रैल और मई के महीनों में नई दिल्ली और हैदराबाद में सफल बैठकों के बाद श्रीनगर, लद्दाख और लखनऊ (22-23 जून) में परामर्श सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। इसके बाद जुलाई में कोलकाता और भुवनेश्वर का दौरा प्रस्तावित है।

कब लागू होगी नई व्यवस्था?
अक्सर कर्मचारियों के बीच यह भ्रम रहता है कि यदि आयोग अपनी रिपोर्ट देर से सौंपेगा, तो क्या उन्हें नुकसान होगा?
ऐतिहासिक रूप से, भारत में नया वेतनमान प्रत्येक 10 वर्ष के अंतराल पर 1 जनवरी से प्रभावी माना जाता है। सातवां वेतन आयोग 1 जनवरी 2016 से प्रभावी हुआ था, इस लिहाज से आठवें वेतन आयोग की संदर्भ तिथि 1 जनवरी 2026 तय की गई है। वास्तविक भुगतान और एरियर का गणितचूंकि आयोग वर्तमान में परामर्श प्रक्रिया में है और अपनी रिपोर्ट मध्य-2027 (लगभग मई 2027) तक सरकार को सौंपेगा, इसलिए सरकार द्वारा इसे मंजूरी देने और अधिसूचना जारी करने में 2027 की तीसरी या चौथी तिमाही तक का समय लग सकता है। इसमें महत्वपूर्ण तथ्य यह भी है कि भले ही वास्तविक बढ़ा हुआ वेतन 2027 के उत्तरार्ध में मिलना शुरू हो, लेकिन यह व्यवस्था 1 जनवरी 2026 से ही ‘भूतलक्षी प्रभाव’ से लागू होगी। इसका अर्थ यह है कि जनवरी 2026 से लेकर वास्तविक लागू होने के महीने तक की बढ़ी हुई राशि का भुगतान कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को एकमुश्त एरियर के रूप में किया जाएगा। वित्तीय विशेषज्ञों के अनुसार, यह एरियर राशि कर्मचारियों के पे-मैट्रिक्स स्तर के आधार पर ₹5 लाख से लेकर ₹14 लाख तक हो सकती है।

कर्मचारियों को क्या लाभ होगा?
आठवें वेतन आयोग के आने से केंद्रीय कर्मचारियों के वेतन ढांचे में व्यापक बदलाव देखने को मिलेगा। इसके प्रमुख तथ्यों पर गौर की जाए तो वेतन आयोग की सिफारिशों में सबसे महत्वपूर्ण तत्व ‘फिटमेंट फैक्टर’ होता है, जो पुराने बेसिक पे (मूल वेतन) को नए बेसिक पे में बदलने का गुणांक होता है। 7वें वेतन आयोग में इसे 2.57 रखा गया था, जिससे न्यूनतम मूल वेतन ₹18,000 तय हुआ था। वर्तमान में, केंद्रीय कर्मचारी संगठन 3.25 से 3.68 तक के फिटमेंट फैक्टर की मांग कर रहे हैं। हालांकि, आर्थिक संतुलन को देखते हुए विशेषज्ञ इसके 2.28 से 2.86 के बीच रहने का अनुमान लगा रहे हैं। यदि न्यूनतम फिटमेंट फैक्टर 2.28 या उससे अधिक या इसे 2.5 से 3.0 के बीच भी स्वीकृत किया जाता है, तो न्यूनतम मूल वेतन वर्तमान के ₹18,000 से बढ़कर सीधे ₹26,000 से ₹32,000 के दायरे में पहुंच सकता है। कुछ कर्मचारी संगठन तो इसे ₹41,000 तक ले जाने का दबाव बना रहे हैं।

मूल वेतन में कैसे होगा महंगाई भत्ते का विलय
एक जनवरी 2026 की संदर्भ तिथि के अनुसार, सातवें वेतन आयोग के तहत महंगाई भत्ता (डीए) 60% पर पहुंच चुका है। आठवें वेतन आयोग के नियमों के तहत, इस 60 प्रतिशत महंगाई भत्ते को शून्य प्रतिशत पर रीसेट कर दिया जाएगा और इसकी पूरी राशि को कर्मचारियों के नए मूल वेतन में समाहित कर दिया जाएगा। इससे कर्मचारियों का भविष्य निधि (PF) अंशदान, ग्रेच्युटी और अन्य भत्ते अपने आप बढ़ जाएंगे। वहीं इस संशोधन के तहत मूल वेतन में वृद्धि होते ही मकान किराया भत्ता और यात्रा भत्ता भी आनुपातिक रूप से बढ़ जाएंगे। इसके अलावा, कर्मचारी संगठनों ने वार्षिक वेतन वृद्धि की दर को वर्तमान के 3 प्रतिशत से बढ़ाकर 5 प्रतिशत करने की पुरजोर मांग की है।

पेंशनभोगियों के लिए क्या बदलेंगे नियम?
आठवां वेतन आयोग देश के वरिष्ठ नागरिकों और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए भी बड़ी राहत लेकर आ रहा है। आयोग के ‘कार्य-क्षेत्र की शर्तो में यह स्पष्ट रूप से शामिल किया गया है कि 31 दिसंबर 2025 या उससे पहले सेवानिवृत्त हुए सभी पेंशनभोगी इस नए पेंशन संशोधन के दायरे में आएंगे। जिस प्रकार कर्मचारियों का न्यूनतम वेतन बढ़ेगा, उसी प्रकार पेंशनभोगियों की न्यूनतम पेंशन में भी सम्मानजनक वृद्धि होगी। वर्तमान में न्यूनतम पेंशन ₹9,000 है, जिसके बढ़कर ₹15,000 से ₹20,000 के बीच होने की संभावना है। वहीं कर्मचारियों के डीए की तरह ही पेंशनभोगियों का 60 प्रतिशत महंगाई राहत भी मूल पेंशन में जोड़ दिया जाएगा। वर्तमान में पेंशनभोगी अपनी पेंशन का जो हिस्सा एकमुश्त अग्रिम लेते हैं, उसकी पूरी बहाली में 15 वर्ष का लंबा समय लगता है। पेंशनभोगी संगठनों की प्रमुख मांग है कि इस अवधि को घटाकर 10 से 12 वर्ष किया जाए, क्योंकि अब जीवन प्रत्याशा और वित्तीय जरूरतें बदल चुकी हैं। हालांकि आयोग एकीकृत पेंशन योजना और राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली के तहत मिलने वाले लाभों की भी समीक्षा कर रहा है, ताकि सेवानिवृत्त कर्मचारियों को कम से कम ₹10,000 की न्यूनतम सुनिश्चित पेंशन की गारंटी और बेहतर सामाजिक सुरक्षा मिल सके।

सरकारी खजाने पर वित्तीय बोझ
जहां एक ओर यह कदम देश में मांग और उपभोग को बढ़ाकर आर्थिक विकास को गति देगा, वहीं दूसरी ओर सरकार के राजकोषीय घाटे पर इसका भारी दबाव पड़ेगा। वेतन और पेंशन बिल में होने वाली इस भारी वृद्धि को संतुलित करने के लिए सरकार को अपने कर राजस्व को बढ़ाना होगा और गैर-जरूरी खर्चों में कटौती करनी होगी। यही कारण है कि आयोग को अपनी सिफारिशें तय करते समय ‘राजकोषीय विवेक’ का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है।

अर्थव्यवस्था पर इसका व्यापक असरर: आठवें वेतन आयोग का प्रभाव केवल केंद्र सरकार के कर्मचारियों तक सीमित नहीं रहेगा, इसका एक ‘डोमिनो इफेक्ट’ (व्यापक श्रृंखला प्रभाव) पूरे देश की व्यवस्था पर पड़ेगा:लाभार्थी वर्गसंभावित प्रभाव और लाभराज्य सरकारी कर्मचारीआमतौर पर केंद्रीय वेतन आयोग के लागू होने के कुछ महीनों के भीतर ही देश के अधिकांश राज्य (जैसे उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान आदि) भी अपने कर्मचारियों के लिए इसी अनुरूप नया वेतनमान घोषित करते हैं। इससे करोड़ों राज्य कर्मियों को सीधा लाभ होगा। सशस्त्र बल और अर्धसैनिक बलरक्षा कर्मियों की कठिन सेवा शर्तों को देखते हुए सैन्य सेवा वेतन (MSP) और जोखिम भत्तों में विशेष बढ़ोतरी की उम्मीद है।बाजार और निजी क्षेत्रजब 1 करोड़ से अधिक परिवारों (कर्मचारी + पेंशनभोगी) के हाथ में एकमुश्त एरियर और बढ़ा हुआ मासिक वेतन आएगा, तो देश में उपभोक्ता वस्तुओं, ऑटोमोबाइल, रियल एस्टेट और इलेक्ट्रॉनिक्स की मांग में भारी उछाल आएगा।

Share this post:

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments

खबरें और भी हैं...

वोट करें

[democracy id="1"]

Our Visitor

1 1 6 8 0 1
Total views : 343097

Follow us on