
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश लोक एवं जनजाति संस्कृति संस्थान लखनऊ एवं जिला शैक्षणिक संग्रहालय मुजफ्फरनगर के संयुक्त तत्वाधान में सोमवार को सात दिवसीय लोक चित्रकला कार्यशाला सृजन का विधिवत शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि डीआईओएस हरिकेश यादव तथा पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य सुभाषचंद ने मां सरस्वती के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर किया। यह प्रशिक्षण शिविर 20 जुलाई से आरंभ होकर 26 जुलाई 2026 तक चलेगा।
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए डीआईओएस हरिकेश यादव ने इस कार्यशाला को जनपद के विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी बताया। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ और व्यस्त जीवन शैली में तनाव से बचने का सबसे सहज और सरल साधन कला-साधना ही है। कला न केवल मानसिक तनाव को दूर करती है, बल्कि इंसान के व्यक्तित्व को भी प्रभावशाली और आकर्षक बनाती है। प्रधानाचार्य सुभाषचंद ने बाल कलाकारों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि जिला शैक्षणिक संग्रहालय लंबे समय से इस तरह के रचनात्मक आयोजन करता आ रहा है। आने वाले समय में ऐसे कार्यक्रमों में और निरंतरता लाई जाएगी ताकि स्थानीय स्तर पर छिपी प्रतिभाओं को एक बेहतर मंच मिल सके। इस कार्यशाला में डीएवी इंटर कॉलेज के वरिष्ठ प्रवक्ता व विख्यात कलाकार प्रवीण कुमार सैनी, मुख्य प्रशिक्षक के रूप में बच्चों को विभिन्न लोक कलाओं की बारीकियां सिखाएंगे। कार्यक्रम में रणवीर सिंह व श्री राजीव कुमार ने भी बच्चों को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर श्री अनिल कुमार, श्रीमती पूनम रानी, पुनीत राठी, सागर कल्याण, प्रशांत सहित भारी संख्या में प्रशिक्षु विद्यार्थी उपस्थित रहे।
Post Views: 99












Total views : 378529