
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित लेखपाल मुख्य परीक्षा गुरुवार को जनपद के 15 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा और प्रशासनिक सतर्कता के बीच संपन्न हो गई। प्रशासन द्वारा परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और नकल विहीन बनाने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए थे। हालांकि, नई मंडी स्थित द्वीपचंद ग्रैन चैम्बर इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर कुछ अभ्यर्थियों द्वारा नकल का आरोप लगाते हुए हंगामे की बात भी सामने आई है।
अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संजय कुमार सिंह ने परीक्षा के आंकड़ों की आधिकारिक जानकारी देते हुए बताया कि जिले में इस मुख्य परीक्षा के लिए कुल 7,008 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 5,649 अभ्यर्थियों ने उपस्थित होकर परीक्षा दी, जबकि 1,359 अभ्यर्थी परीक्षा में अनुपस्थित रहे। इस प्रकार लगभग 19.39 प्रतिशत परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। माना जा रहा है कि क्षेत्र में पड़ रही भीषण गर्मी और लू के प्रकोप के कारण भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थी परीक्षा केंद्रों तक नहीं पहुंच पाए।
एडीएम प्रशासन ने बताया कि सभी 15 केंद्रों पर परीक्षा सामान्य तौर पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई है और परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरों व आंतरिक उड़नदस्तों के जरिए कड़ी निगरानी रखी गई थी ताकि शुचिता बनी रहे।
Post Views: 120













Total views : 363694