
लोकपथ लाइव, सहारनपुर। पुराने टायरों को पिघलाकर तेल निकालने वाली फैक्ट्री से निकलने वाले धुएं और प्रदूषण को लेकर शुरू हुआ विरोध हिंसक हो गया। गंगोह थाना क्षेत्र में ग्रामीणों की पिटाई से फैक्ट्री मालिक अरबीन की मौत हो गई, जबकि उनका दोस्त और साझीदार सादिक तथा संजय गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने चौकीदार की शिकायत पर 11 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि संजय को हिरासत में लिया गया है।
प्रदूषण को लेकर ग्रामीणों में थी नाराजगी
जानकारी के अनुसार, अरबीन चौहान की ग्रीन फ्यूल के नाम से फैक्ट्री है। यहां पुराने टायरों को पिघलाकर तेल निकाला जाता है। आसपास के ग्रामीणों ने फैक्ट्री से निकलने वाले धुएं और प्रदूषण को लेकर कई बार नाराजगी जताई थी। ग्रामीणों का आरोप था कि फैक्ट्री से निकलने वाले धुएं के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
फैक्ट्री पहुंचकर बंद करने को कहा, फिर हुआ हमला
शुक्रवार रात करीब 8:15 बजे कई ग्रामीण फैक्ट्री पर पहुंचे। वहां उन्होंने चौकीदार किशन सिंह के साथ गाली-गलौज करते हुए फैक्ट्री बंद करने को कहा। चौकीदार ने इसकी सूचना फैक्ट्री मालिक अरबीन चौहान को दी। इसके बाद अरबीन अपने दोस्त और साझीदार सादिक के साथ फैक्ट्री पहुंचे।
बताया गया कि बातचीत के दौरान ग्रामीण उत्तेजित हो गए और लाठी-डंडों तथा लोहे की रॉड से हमला कर दिया। मारपीट में अरबीन, सादिक और संजय घायल हो गए।
अस्पताल में उपचार के दौरान फैक्ट्री मालिक की मौत
घटना की सूचना मिलने पर गंगोह थाना प्रभारी इंद्रेश चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान अरबीन की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
तीन आरोपी गिरफ्तार, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
एसपी देहात मयंक पाठक के अनुसार, मामले में नीरज, पंकज और मेम कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि संजय को हिरासत में लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्य जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
Post Views: 57












Total views : 433060