
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ से विधान परिषद सदस्य पद हेतु शिक्षक सीट के प्रत्याशी डॉ0 सुशील कुमार पुण्डीर एवं स्नातक सीट के प्रत्याशी डॉ0 अमित कुमार जैन ने जैन औषधालय में विराजमान पूज्य मुनि श्री 108 अनुपम सागर जी महाराज का मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद दोनों प्रत्याशियों ने मुजफ्फरनगर जनपद के विभिन्न विद्यालयों का सघन भ्रमण कर शिक्षकों से समर्थन की अपील की। जनपद आगमन पर पूर्व प्रधानाचार्य परिषद की अध्यक्षा सारिका जैन, जिला महामंत्री अरुण कुमार व कोषाध्यक्ष संजय कुमार मोघा ने प्रत्याशियों का भव्य स्वागत करते हुए भारी मतों से जीत का आश्वासन दिया।
मुजफ्फरनगर के एमएम इंटर कॉलेज, नगरपालिका कन्या इण्टर कॉलेज, आर्य कन्या पाठशाला इण्टर कॉलेज, शिक्षा सदन कन्या इण्टर कॉलेज तथा वैदिक पुत्री पाठशाला इण्टर कॉलेज में प्रधानाचार्यों एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा दोनों नेताओं का ढोल-नगाड़ों व पुष्पहारों से अभिनंदन किया गया।
संबोधित करते हुए डॉ0 सुशील पुण्डीर ने पुरानी पेंशन योजना की बहाली, सेवा सुरक्षा तथा समान कार्य के लिए समान वेतन को शिक्षकों के सम्मान से जुड़ा प्रमुख मुद्दा बताया। वहीं डॉ0 अमित कुमार जैन ने संगठन के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए शिक्षक समस्याओं के निस्तारण का संकल्प दोहराया।
Post Views: 131













Total views : 423145