
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। महिला शिक्षक संघ की जिलाध्यक्ष ऊषा चौहान एवं महामंत्री रश्मि मिश्रा के नेतृत्व में संगठन की कार्यकारिणी के प्रतिनिधिमंडल ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार तथा उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं नगर विधायक कपिल देव अग्रवाल से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने दोनों गणमान्य व्यक्तियों को दीपावली पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी।
मुलाकात के दौरान महिला शिक्षक संघ की पदाधिकारियों ने शिक्षा व्यवस्था, शिक्षकों की समस्याओं, शिक्षक हितों एवं संगठन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर सकारात्मक चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने आपसी सौहार्द और आत्मीयता के साथ अपनी बात रखते हुए शिक्षकों के सम्मान, अधिकारों एवं समस्याओं के समाधान की दिशा संगठन की भूमिका को भी रेखांकित किया।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष ऊषा चौहान ने कहा कि महिला शिक्षक संघ शिक्षकों के सम्मान एवं अधिकारों की रक्षा के साथ उनकी समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाने के लिए निरंतर सक्रिय है। संगठन का उद्देश्य शिक्षक हितों के लिए आवाज उठाने के साथ-साथ शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और विद्यालयों में सकारात्मक वातावरण तैयार करने में सहयोग करना है।

प्रतिनिधिमंडल में शामिल पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों ने संगठन की एकजुटता, आपसी सहयोग और समर्पण के साथ शिक्षक हितों के लिए कार्य करने का संकल्प भी व्यक्त किया। दोनों गणमान्य व्यक्तियों के साथ प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात सौहार्दपूर्ण एवं सकारात्मक वातावरण में संपन्न हुई।
Post Views: 156












Total views : 449659