
अभ्यर्थियों के प्रवेश-निकास से लेकर सीसीटीवी कैमरों की हुई सघन जांच
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर: जनपद में बुधवार को दो दिन चलने वाली टीजीटी (प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक) परीक्षा शुरु हो गई है। इस परीक्षा को पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकल विहीन संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। परीक्षा में सेंधमारी रोकने और नकल माफियाओं के मंसूबों को मटियामेट करने के लिए खुद एसपी सिटी अमृत जैन ने मोर्चा संभाल लिया है। इसी कड़ी में एसपी सिटी ने बीती देर रात जिले के विभिन्न संवेदनशील परीक्षा केंद्रों और मुख्य ट्रेजरी (कोषागार) का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।


उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज द्वारा बुधवार से आयोजित हो रही प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) परीक्षा बुधवार 3 जून व 4 जून 2026 तक होनी है। इसके लिए मुजफ्फरनगर जिला प्रशासन और पुलिस अमला पूरी तरह अलर्ट मोड़ पर है। आज बुधवार को शुरु हुई इस परीक्षा को पूर्णतः शुचितापूर्ण, पारदर्शी, नकलविहीन और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिले में अभूतपूर्व सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था लागू की गई है। परीक्षा की कमान खुद वरिष्ठ अधिकारियों ने संभाल रखी है। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को सघन चेकिंग के बाद ही प्रवेश दिया गया है। बुधवार को परीक्षा के पहले दिन, पुलिस प्रेक्षक (सेवानिवृत्त पुलिस उपमहानिरीक्षक) दयानन्द मिश्रा और पुलिस अधीक्षक नगर (एसपी सिटी) अमृत जैन ने सुबह से ही जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का दौरा कर छापेमारी की और सुरक्षा व्यवस्थाओं के अलावा ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को मुस्तैदी का जायजा लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बायोमेट्रिक उपकरणों के जरिए कड़ी तलाशी
यहां परीक्षा केंद्रों के मुख्य प्रवेश द्वारों पर अभ्यर्थियों की मेटल डिटेक्टर और बायोमेट्रिक उपकरणों के जरिए कड़ी तलाशी ली जा रही है। परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता को परखा गया और कंट्रोल रूम से की जा रही लाइव मॉनिटरिंग का मिलान किया गया। वहीं प्रश्नपत्रों के बक्से खोलने से लेकर उनके वितरण तक की पूरी प्रक्रिया की सुरक्षा जांची गई। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों के बैग और कीमती सामान को सुरक्षित रखने के इंतजाम, शुद्ध पेयजल की उपलब्धता, बैठने और उनके परिजनों के लिए प्रतीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं को भी देखा गया, ताकि किसी को असुविधा न हो।
परीक्षा में बाधा डालने वालों को सख्त चेतावनी
परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिस बल को सख्त निर्देश देते हुए अधिकारियों ने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता, नकल, सॉल्वर गैंग की घुसपैठ या व्यवधान उत्पन्न करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोरतम वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाए। परीक्षा अवधि के दौरान केंद्रों के आसपास और संवेदनशील चौराहों पर सतर्क दृष्टि बनाए रखें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल ‘क्विक रिस्पॉन्स टीम’ को प्रभावी कार्रवाई के लिए भेजा जाए। इसके अलावा, शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को पूरी तरह सुदृढ़ बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि बाहरी जिलों और दूर-दराज के इलाकों से परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों को जाम की समस्या से न जूझना पड़े।
ट्रेजरी में प्रश्नपत्रों की जांच
परीक्षा केंद्रों का हाल जानने के बाद एसपी सिटी सीधे सरकारी ट्रेजरी (कोषागार) पहुंचे, जहां प्रश्नपत्रों को सुरक्षित रखा गया है। उन्होंने वहां तैनात सुरक्षाबलों की मुस्तैदी को परखा और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत ही प्रश्नपत्रों के रख-रखाव और परीक्षा केंद्रों तक उनके सुरक्षित वितरण की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई जाए। इसमें सुरक्षा घेरे से कोई समझौता नहीं होना चाहिए।











Total views : 328429