
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। महाराष्ट के शिरडी में 23 नवंबर से 27 नवंबर 2026 तक नेशनल स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में हुई 70वीं राष्ट्रीय स्कूल गेम्स में जनपद के हर्षित सहरावत ने यूपी का सम्मान बढ़ाया।
अंडर-14 बालक वॉलीबॉल प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश की टीम ने दमदार और शानदार प्रदर्शन करते हुए उन्होंने द्वितीय स्थान प्राप्त कर रजत पदक अपने नाम किया है। मुजफ्फरनगर के बिटावदा स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज के कक्षा-8 के होनहार छात्र हर्षित सहरावत पुत्र राजेन्द्र कुमार ने उत्तर प्रदेश वॉलीबॉल टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए बेहतरीन खेल कौशल का परिचय दिया। डीआईओएस हरिकेश यादव ने बताया कि हर्षित सहरावत ने रजत पदक जीतकर न केवल अपने विद्यालय बल्कि पूरे जनपद और प्रदेश का मान बढ़ाया है। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में हर्षित की सफलता से विद्यालय परिवार, परिजनों तथा पूरे क्षेत्र में हर्ष और गर्व का माहौल है। छात्र की इस शानदार उपलब्धि पर डीआईओएस हरिकेश यादव ने भी छात्र को बधाई देकर उज्ज्वल भविष्य का आर्शीवाद दिया। इसके साथ ही प्रधानाचार्य डॉ. लोकेश वर्मा, खेल शिक्षिका शालू राणा एवं विद्यालय के समस्त शिक्षकों ने हर्षित सहरावत को इस बड़ी सफलता पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके निरंतर आगे बढ़ने और उत्कृष्ट प्रदर्शन करते रहने की कामना की है।
Post Views: 138












Total views : 460518