
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। नगर के समग्र विकास, जनसुविधाओं में सुधार तथा विभिन्न विभागों द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए आज मेरठ रोड स्थित विकास भवन में प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अमित सिंह, नगर मजिस्ट्रेट दीपक पाल, विकास प्राधिकरण सचिव कुंवर बहादुर सिंह, विद्युत विभाग के चीफ, मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO), जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS), बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA), लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिशासी अभियंता, जिला पंचायत राज अधिकारी (DPRO), सहायक श्रम आयुक्त श्री देवेश सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनावश्यक देरी और जनसामान्य को परेशान करने वाली कार्यशैली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को दो टूक कहा कि शासन की योजनाओं का उद्देश्य जनता को राहत पहुंचाना है, न कि उन्हें कार्यालयों के चक्कर लगवाना।
एमडीए की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
मंत्री कपिल देव ने मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि भवनों के नक्शे स्वीकृत करना प्राधिकरण की जिम्मेदारी है। जब नागरिक नियमानुसार नक्शा स्वीकृत कराने के लिए आवेदन कर रहे हैं, तो उनके नक्शे अनावश्यक रूप से लंबित क्यों रखे जा रहे हैं? उन्होंने कहा कि नक्शा स्वीकृति की प्रक्रिया पारदर्शी, समयबद्ध और सरल होनी चाहिए, ताकि आम नागरिकों एवं व्यापारियों को अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।
प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्मित आवासों की गुणवत्ता को लेकर मिल रही शिकायतों पर भी मंत्री ने गंभीर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि आवासों में पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव है तथा निर्माण की गुणवत्ता इतनी खराब होने की शिकायतें मिल रही हैं कि दीवारों में कील ठोकने पर रेत निकलने लगती है। उन्होंने अधिकारियों से जवाब मांगते हुए कहा कि गरीब परिवारों के लिए बनाए गए आवास यदि रहने योग्य ही नहीं हैं, तो ऐसी लापरवाही बेहद गंभीर है। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच कराकर शिकायतों का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए।
मुजफ्फरनगर के हर्षित सहरावत के प्रदर्शन से यूपी को मिला रजत पदक
जल निगम को सड़क खुदाई के बाद तत्काल मरम्मत के निर्देश
जल निगम के अधिशासी अभियंता से मंत्री ने पानी की टंकियों एवं पाइपलाइन संबंधी कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि पानी की टंकियों के निर्माण और पाइपलाइन बिछाने के दौरान जिन सड़कों को खोदा गया है, उनकी मरम्मत क्यों नहीं कराई गई? सड़कें खोदकर उन्हें क्षतिग्रस्त अवस्था में छोड़ देना जनता के प्रति जिम्मेदारी से बचने जैसा है। उन्होंने निर्देश दिए कि संबंधित कार्यों को शीघ्र पूरा कराकर सड़कों को पूर्व की स्थिति में बहाल किया जाए।
बिजली विभाग की धीमी कार्यप्रणाली पर जताई नाराजगी
विद्युत विभाग के चीफ को निर्देशित करते हुए मंत्री कपिल देव ने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र में जिन ट्रांसफार्मरों को शिफ्ट किया जाना था, उनका कार्य अभी तक पूरा नहीं हुआ है। बिजली के खंभों और विद्युत लाइनों को शिफ्ट करने की गति भी बेहद धीमी है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में बाधा बन रहे बिजली के खंभों एवं लाइनों को निर्धारित समयसीमा में शिफ्ट किया जाए, ताकि अन्य निर्माण कार्य प्रभावित न हों और नागरिकों को भी परेशानी न उठानी पड़े।
बार-बार सड़कें खोदने पर नगर पालिका के अधिकारियों को फटकार
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी एवं सहायक अभियंता को आड़े हाथों लेते हुए मंत्री ने कहा कि आखिर एक ही सड़क को कितनी बार बनाया जाएगा और कितनी बार खोदा जाएगा? कभी बिजली के तारों और खंभों के नाम पर, तो कभी IGL गैस पाइपलाइन के नाम पर नई बनी सड़कों को दोबारा खोद दिया जाता है। यह व्यवस्था पूरी तरह अनुचित है।
उन्होंने कहा कि विभागों के बीच आपसी समन्वय का अभाव सरकारी धन की बर्बादी का कारण बन रहा है। सड़क निर्माण से पहले सभी संबंधित विभाग आपस में समन्वय स्थापित करें और बिजली, गैस, पानी एवं सीवर से जुड़े कार्य पहले पूरे किए जाएं। इसके बाद ही सड़क का निर्माण कराया जाए, ताकि जनता को बार-बार होने वाली परेशानी से बचाया जा सके और शासन के धन का सदुपयोग हो।
गांवों में गंदगी और खराब शौचालयों पर DPRO को दिए निर्देश
जिला पंचायत राज अधिकारी को ग्रामीण क्षेत्रों की स्वच्छता व्यवस्था पर ध्यान देने के निर्देश देते हुए मंत्री ने कहा कि गांवों के बाहर जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं तथा सार्वजनिक एवं सामुदायिक शौचालयों की स्थिति भी संतोषजनक नहीं है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान केवल कागजों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। गांवों में नियमित सफाई, कूड़ा निस्तारण और शौचालयों के रखरखाव की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
जिला अस्पताल में भ्रष्टाचार की शिकायतों पर CMO को सख्त निर्देश
जिला अस्पताल में लगातार मिल रही भ्रष्टाचार एवं अनियमितताओं की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में उपचार के लिए आने वाले मरीजों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। जिला अस्पताल में भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायतों की गंभीरता से जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के नाम पर आम जनता का शोषण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
श्रम विभाग में भ्रष्टाचार और योजनाओं का लाभ न मिलने पर मंत्री सख्त
सहायक श्रम आयुक्त श्री देवेश सिंह को निर्देशित करते हुए मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने श्रम विभाग में लगातार मिल रही भ्रष्टाचार एवं अनियमितताओं की शिकायतों पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि श्रमिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए सरकार द्वारा अनेक जनहितकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, लेकिन पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ न मिलना बेहद गंभीर विषय है।
मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विभाग में भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए तथा श्रमिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। पात्र श्रमिकों के आवेदन अनावश्यक रूप से लंबित न रखे जाएं और योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के अधिकारों और हितों के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा।
जनता की सुविधा सर्वोपरि, जवाबदेही तय हो
मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि सरकार विकास और जनकल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। प्रत्येक विभाग अपनी जिम्मेदारी का ईमानदारी से निर्वहन करे। विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जनता को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए परेशान होना पड़े, यह स्वीकार्य नहीं है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बैठक में उठाए गए सभी बिंदुओं पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। साथ ही जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
मंत्री ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में लापरवाही करने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी और जनता के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
Post Views: 169












Total views : 460518