
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर।
मुजफ्फरनगर। शहर के गांधीनगर स्थित श्री श्यामा श्याम मंदिर परिसर में धार्मिक उल्लास और श्रद्धा के साथ भव्य शिव महापुराण कथा का शुभारंभ हो गया है। कथा के प्रथम दिन क्षेत्र में भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिला व पुरुष श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कलश यात्रा के दौरान पूरा वातावरण शिव के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।


कथा के पहले दिन के मुख्य यजमान गांधीनगर निवासी श्रीपाल रहे। उन्होंने अपने पूरे परिवार सहित विधि-विधान से पूजन कर कलश यात्रा की अगुवाई की और व्यास पीठ की आरती उतारी। इसके उपरांत विख्यात कथा व्यास जगमोहन भारद्वाज ने व्यास पीठ से शिव महापुराण का वाचन शुरू किया। प्रथम दिन की कथा में उन्होंने शिव तत्व और महापुराण के महत्व पर प्रकाश डाला। कथा व्यास के भजनों और ओजस्वी वाणी को सुनकर पाण्डाल में मौजूद श्रद्धालु पूरी तरह मंत्रमुग्ध हो गए।

अगले कई दिनों तक बहेगी ज्ञान की गंगा: गांधीनगर के श्री श्यामा श्याम मंदिर के पुरोहित हंसराज ने जानकारी देते हुए बताया कि यह संगीतमय शिव महापुराण कथा आगामी कई दिनों तक अनवरत रूप से संचालित रहेगी। प्रतिदिन विभिन्न प्रसंगों के माध्यम से भगवान शिव की लीलाओं का वर्णन किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में मंदिर परिसर पहुंचकर कथा श्रवण करें और धर्मलाभ उठाएं। पहले दिन भी कथा के समापन पर आरती के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर संतोष देवी, सुभाष, नीशू पाल, राजपाल, संजय गर्ग, अमरनाथ प्रजापति, चंद्रप्रकाश शामिल हुए।












Total views : 389351