Select Language :

Home » मुजफ्फरनगर » पूर्व विधायक शाहनवाज राणा और दो बेटों पर 75 लाख की धोखाधड़ी का मुकदमा

पूर्व विधायक शाहनवाज राणा और दो बेटों पर 75 लाख की धोखाधड़ी का मुकदमा

लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। पूर्व विधायक शाहनवाज राणा की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ती नजर आ रही हैं। नई मंडी थाना पुलिस ने उनके और उनके दो बेटों के खिलाफ 75 लाख रुपये की कथित कारोबारी धोखाधड़ी, कूटरचना और धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि फैक्ट्री के नाम पर स्क्रैप और स्पंज आयरन की सप्लाई कराई गई, लेकिन तय समय पर भुगतान नहीं किया गया। रकम मांगने पर कारोबारी को धमकियां देने का भी आरोप लगाया गया है।
नई मंडी थाना क्षेत्र की भारतीय कॉलोनी निवासी जितेंद्र चौधरी लोहे के स्क्रैप और स्पंज आयरन का कारोबार करते हैं। पुलिस को दी गई शिकायत में उन्होंने बताया कि सितंबर 2024 में एक विवाह समारोह के दौरान उनकी मुलाकात पूर्व विधायक शाहनवाज राणा से हुई थी। आरोप है कि शाहनवाज राणा ने उन्हें अपनी फैक्ट्री बताते हुए उत्तराखंड के मंगलौर स्थित यूपी बोन मिनरल्स प्राइवेट लिमिटेड में बुलाया। वहां उनके दोनों बेटे अब्दुल अहद राणा और आजम शाह राणा भी मौजूद थे। तीनों ने स्क्रैप और स्पंज आयरन की सप्लाई कराने के बदले 20 दिन के भीतर भुगतान करने का भरोसा दिया था।
शिकायतकर्ता के अनुसार, भरोसे में आकर उन्होंने सितंबर 2024 में करीब 40 लाख रुपये और नवंबर 2024 में 35 लाख रुपये का स्क्रैप व स्पंज आयरन फैक्ट्री में सप्लाई किया। इस प्रकार कुल 75 लाख रुपये का माल भेजा गया। आरोप है कि भुगतान की समयसीमा पूरी होने के बाद भी रकम नहीं दी गई और मांग करने पर लगातार टालमटोल की जाने लगी।
जितेंद्र चौधरी का आरोप है कि जब उन्होंने बकाया रकम का तकाजा किया तो उन्हें धमकियां दी गईं। आरोपियों ने कथित तौर पर कहा कि उनके खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं और मारपीट होने पर भी उनका कुछ नहीं बिगड़ेगा। शिकायत में 25 अगस्त 2025 की घटना का भी उल्लेख किया गया है। कारोबारी के मुताबिक, वह अपने बेटे के साथ आरोपियों के निवास पर भुगतान मांगने पहुंचे थे, जहां शाहनवाज राणा और उनके बेटों ने उन्हें तथा उनके बेटे को जान से मारने की धमकी दी।
शिकायतकर्ता ने फैक्ट्री के मालिकाना हक और उससे संबंधित दस्तावेजों पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि बाद में जानकारी मिली कि शाहनवाज राणा संबंधित फैक्ट्री के मालिक नहीं हैं और फैक्ट्री से जुड़े दस्तावेज कथित रूप से कूटरचना व धोखाधड़ी के जरिए तैयार किए गए थे। कारोबारी ने आरोप लगाया कि इसी तरीके से उनका 75 लाख रुपये का माल हड़प लिया गया।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर 18 नवंबर 2026 को पूर्व विधायक शाहनवाज राणा, उनके बेटे अब्दुल अहद राणा और आजम शाह राणा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक हरिओम सिंह को सौंपी गई है।
सीओ नई मंडी राजू कुमार साव ने बताया कि एक कारोबारी की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि माल लेने के बाद भुगतान नहीं किया गया और उसे धमकी भी दी गई। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share this post:

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

खबरें और भी हैं...

वोट करें

[democracy id="1"]

Our Visitor

1 8 6 1 2 7
Total views : 456523

Follow us on