Select Language :

Home » उत्तर प्रदेश » योग दिवस की तैयारी पूर्ण, डीएम ने इन 11 अफसरों को सौंपी कमान

योग दिवस की तैयारी पूर्ण, डीएम ने इन 11 अफसरों को सौंपी कमान

 लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस जनपद में बेहद उत्साह और जोश के साथ मनाया जाएगा। इसके तहत शहर के चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में जिले का मुख्य व भव्य योग शिविर आयोजित होने जा रहा है। इस विशेष कार्यक्रम में सभी विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं सामूहिक रूप से योग करेंगे। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार द्वारा किया जाएगा। शनिवार को तैयारियों पर मंथन के लिए होटल प्लासा में सहारनपुर कमिश्नर भी पहुंचे।
योग दिवस को पूरी तरह सफल बनाने के लिए एक दिन पूर्व शनिवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने बैठक कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया। जिलाधिकारी उमेश कुमार ने आयोजन की गरिमा और सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जिले के 11 वरिष्ठ अधिकारियों को अलग-अलग महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी हैं। क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी विभाग के अंतर्गत होने वाले इस कार्यक्रम में यूनानी अधिकारी इसम पाल को मंच व्यवस्था और कार्यक्रम संचालन का जिम्मा दिया गया है। वहीं, जिला विकास अधिकारी (डीडीओ) और जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) को संपूर्ण व्यवस्था की देखरेख की जिम्मेदारी दी गई है।
शिविर में जनभागीदारी बढ़ाने के लिए बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए), जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) और जिला समाज कल्याण अधिकारी को विभिन्न वर्गों के प्रतिभागियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने का दायित्व सौंपा गया है। इसके अलावा, जिला पूर्ति अधिकारी पेयजल व जलपान व्यवस्था संभालेंगे, जबकि मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को आपातकालीन स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, पार्किंग और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने का जिम्मा सीओ सिटी को दिया गया है, जिनके सहयोग के लिए नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) को तैनात किया गया है। इसके साथ ही ईओ नगरपालिका को स्टेडियम परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने की भी जिम्मेदारी दी गई है। निर्बाध बिजली और बेहतरीन साउंड सिस्टम के लिए विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता को जवाबदेह बनाया गया है, जबकि जिला युवा कल्याण अधिकारी स्वयंसेवकों और विभिन्न टीमों की ड्यूटी का समन्वय करेंगे। शनिवार शाम को ही सभी नोडल अधिकारियों ने स्टेडियम पहुंचकर तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया। स्टेडियम में एक साथ 150 से अधिक लोगों के योग करने की पुख्ता व्यवस्था की गई है।

Share this post:

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

खबरें और भी हैं...

वोट करें

[democracy id="1"]

Our Visitor

1 3 0 2 8 6
Total views : 378824

Follow us on