Select Language :

Home » उत्तर प्रदेश » योग, कराटे और पूल पार्टी से एमडीएस विद्या मंदिर में समर कैंप का आगाज

योग, कराटे और पूल पार्टी से एमडीएस विद्या मंदिर में समर कैंप का आगाज

लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर । स्थानीय क्षेत्र के मन्सूरपुर स्थित एमडीएस विद्या मन्दिर इण्टर कॉलेज में गुरुवार को तीन दिवसीय समर कैम्प का  शुभारम्भ हुआ। कैंप के पहले ही दिन छात्र-छात्राओं में भारी उत्साह देखने को मिला, जहाँ उन्होंने विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के साथ जमकर धमाल मचाया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि योगाचार्य न्द्र आचार्य जी, नीरज कराटे क्लास के नीरज सैनी, स्कूल प्रबंधक सन्दीप कुमार, प्रधानाचार्य अनिल कुमार, संचालक अनिल शास्त्री एवं समस्त शिक्षक स्टाफ द्वारा माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित और पुष्पार्चन कर की गई। इस दौरान अर्पित चौधरी के निर्देशन में वैदिक यज्ञ का भी आयोजन किया गया। उद्घाटन सत्र में स्कूल के म्यूजिक टीचर अर्जुन कुमार के मार्गदर्शन में छात्राओं ने शानदार म्यूजिकल परफॉर्मेंस दी, जबकि अभिनन्दन चौधरी और आरव कुमार ने इंस्ट्रुमेंटल प्रस्तुति से समां बांध दिया।
तीन दिनों तक चलने वाले इस समर कैम्प में बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभा को निखारने के लिए योग, संस्कारशाला, स्केटिंग, कराटे, राइटिंग स्किल, आर्ट एंड क्राफ्ट, डांस, नॉन फायर कुकिंग, मनी मैनेजमेंट, कैरम, लूडो, चेस, पॉटरी (मिट्टी के बर्तन बनाना), जुम्बा डांस, पूल पार्टी और म्यूजिक जैसी कई ज्ञानवर्धक व मनोरंजक गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं। इस अवसर पर प्रधानाचार्य अनिल कुमार ने बताया कि बच्चों को उनकी रुचि के अनुसार खेलों और अन्य विधाओं का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। वहीं, प्रबन्धक सन्दीप कुमार ने विद्यार्थियों को खेल भावना के साथ हिस्सा लेने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि इस कैंप का मुख्य उद्देश्य बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ आत्मरक्षा और व्यक्तित्व विकास से जोड़ना है।
कैंप के पहले दिन बच्चों ने चाक पर मिट्टी के बर्तन बनाने की कला सीखी और बिना किसी हिचकिचाहट के शिक्षकों से सवाल-जवाब किए। नन्हें बच्चों के लिए आयोजित पूल पार्टी, मूवी शो और मिकी माउस मुख्य आकर्षण का केंद्र रहे, जहाँ बच्चों ने फिल्मी गानों पर थिरकते हुए तैराकी का लुत्फ उठाया। योग शिविर के दौरान योगाचार्य सुरेन्द्र आचार्य ने बच्चों को स्वास्थ्य रक्षा के गुर सिखाते हुए कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिससे बच्चों का शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक और आध्यात्मिक यानी सर्वांगीण विकास होता है। आत्मरक्षा का पाठ पढ़ाते हुए कराटे एक्सपर्ट नीरज सैनी ने कहा कि कराटे केवल सेल्फ-डिफेंस नहीं, बल्कि अनुशासन और आत्मविश्वास बढ़ाने का माध्यम है।
कैंप के सफल संचालन में ममता मलिक, रेनू चौधरी, अर्चना राठी, ज्योतिपाल, अंकिता बत्रा, सर्वेश राठी, अर्जुन कुमार, निगम चौधरी, अर्पित चौधरी, अंकित खेरवाल सहित विद्यालय के समस्त स्टाफ ने अपना विशेष योगदान दिया। कार्यक्रम के समापन पर स्कूल प्रशासन ने सभी छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Share this post:

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

खबरें और भी हैं...

वोट करें

[democracy id="1"]

Our Visitor

1 4 5 9 7 4
Total views : 403663

Follow us on