
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण (MDA) ने अवैध निर्माण और अनाधिकृत प्लॉटिंग के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए मंगलवार को जोन-1 में एक बड़ी ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। मंडलायुक्त सहारनपुर और प्राधिकरण की उपाध्यक्ष प्रणता एश्वर्या के निर्देशों के अनुपालन में यह अभियान चलाया गया। इस दौरान लगभग 59000 वर्ग मीटर (लगभग 86 बीघा) भूमि पर की गई अवैध कॉलोनी और प्लॉटिंग को जमींदोज कर दिया गया।
इन क्षेत्रों में की गई कार्रवाई
प्राधिकरण सचिव कुंवर बहादुर सिंह ने बताया कि जोन-1 के तहत दो प्रमुख स्थानों पर यह कार्रवाई की गई। इसमें न्यू मंडी जानसठ रोड पर मैट्रो कुर्सी गोदाम के बराबर में स्थित 9,000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में कार्रवाई हुई, जमीन मालिक द्वारा बिना नक्शा और तलपट मानचित्र स्वीकृत कराए अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी। वहीं शेरनगर में मेरठ बाईपास रोड पर पांच लोगों द्वारा लगभग 50000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में अनाधिकृत रूप से अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी।
एमडीए ने पहले भी दिए गए थे नोटिस
प्राधिकरण अधिकारियों के अनुसार इन दोनों अवैध प्लॉटिंग और निर्माणों के खिलाफ पूर्व में भी नोटिस जारी किए गए थे। चालानी कार्यवाही के बाद ध्वस्तीकरण के आदेश भी निर्गत किए जा चुके थे। हालांकि, भू-स्वामियों द्वारा स्थल से अवैध निर्माण और प्लॉटिंग को नहीं हटाया गया था, जिसके बाद प्राधिकरण ने यह सख्त कदम उठाया।
पुलिस बल की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
ध्वस्तीकरण की इस बड़ी कार्रवाई के दौरान मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण के सहायक अभियंता, अवर अभियंता और अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए संबंधित थाने का पुलिस बल भी मौके पर तैनात था। प्राधिकरण ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी अनाधिकृत कॉलोनी या प्लॉट में निवेश करने से पहले प्राधिकरण से नक्शा अवश्य देख लें।
Post Views: 187













Total views : 316337