
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। जनपद में अवैध और मानकों को ताक पर रखकर चलाए जा रहे निजी अस्पतालों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने अपना डंडा चला दिया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. सुनील तेवतिया के कड़े निर्देशन में रविवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शामली रोड पर स्थित दो बड़े निजी अस्पतालों को सील कर दिया। इस अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र के अवैध रूप से संचालित चिकित्सालय संचालकों में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. महक सिंह ने अपनी टीम के साथ शामली रोड स्थित ‘हिमालयन हॉस्पिटल’ और ‘वन वर्ल्ड हॉस्पिटल’ का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जब अस्पताल प्रबंधन से पंजीकरण, आवश्यक अभिलेख और मानकों से जुड़े अनिवार्य दस्तावेज मांगे गए, तो वे इन्हें पेश करने में पूरी तरह नाकाम रहे। निर्धारित मानकों की सरेआम धज्जियां उड़ाने और वैध कागजात उपलब्ध न होने पर विभाग ने तत्काल प्रभाव से दोनों अस्पतालों को सील करने की सख्त कार्रवाई की। इस पूरी कार्रवाई के दौरान सीएमओ कार्यालय के स्टेनोग्राफर पाकेश कुमार भी मुख्य रूप से मौजूद रहे।
उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. महक सिंह ने दो टूक शब्दों में कहा कि जनहित और मरीजों की जान की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। बिना वैध अभिलेखों और तय मानकों के किसी भी अस्पताल को चलने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उधर, सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया ने चेतावनी दी है कि जनपद में यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी स्वास्थ्य संस्थान को बख्शा नहीं जाएगा।
Post Views: 102













Total views : 360949