
लखनऊ की विशेष एमपी-एमएलए कोर्ट ने 1998 में आगजनी और मारपीट के मामले में सुनाया फैसला, दो आरोपियों की हो चुकी है मौत
लोकपथ लाइव, लखनऊ। राजधानी की विशेष एमपी-एमएलए अदालत ने 28 साल पुराने एक बहुचर्चित मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए पूर्व राज्यसभा सांसद एवं प्रमुख व्यापारी नेता बनवारी लाल कंछल समेत तीन दोषियों को तीन-तीन साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। विशेष न्यायाधीश उमाकांत जिंदल ने बनवारी लाल कंछल, हुकुमचंद अग्रवाल और देशराज अग्रवाल को दोषी करार देते हुए प्रत्येक पर 36-36 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। इससे पूर्व 20 नवंबर को अदालत ने तीनों की जमानत याचिकाएं खारिज करते हुए उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था।


दो आरोपियों का निधन, एक साक्ष्य के अभाव में बरी
इस हाई-प्रोफाइल प्रकरण में लखनऊ पुलिस ने विवेचना के बाद कुल छह आरोपियों—बनवारी लाल कंछल, मोती चंद्र अग्रवाल, हुकुमचंद अग्रवाल, देशराज अग्रवाल, श्रीनिवास अग्रवाल और राजेंद्र कुमार अग्रवाल के विरुद्ध न्यायालय में आरोप पत्र (चार्जशीट) दाखिल किया था। लगभग तीन दशक तक चले लंबे विचारण के दौरान आरोपी मोती चंद्र अग्रवाल और श्रीनिवास अग्रवाल की मृत्यु हो गई। वहीं, अदालत ने पर्याप्त सबूतों के अभाव में छठे आरोपी राजेंद्र कुमार अग्रवाल को संदेह का लाभ देते हुए दोषमुक्त करार दिया।

1998 की वो दोपहर: लाठी-डंडों और असलहों के साथ बोला था धावा
यह पूरा घटनाक्रम 12 अगस्त 1998 का है। मामले में व्यापार कर विभाग के तत्कालीन असिस्टेंट कमिश्नर (प्रशासन) एमएम कटियार ने हजरतगंज कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। एफआईआर के मुताबिक, दोपहर करीब सवा एक बजे बनवारी लाल कंछल अपने साथियों मोतीलाल अग्रवाल, अशोक कुमार गुप्ता, श्रीनिवास अग्रवाल, हुकुमचंद अग्रवाल और देशराज समेत करीब 250 समर्थकों की भीड़ लेकर व्यापार कर कार्यालय में जबरन घुस आए थे। आरोप था कि भीड़ में शामिल लोगों के हाथों में लाठी-डंडे और अवैध असलहे थे। कार्यालय में घुसते ही आरोपियों ने गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी देते हुए सरकारी कामकाज ठप कर दिया। जब अधिकारियों ने इसका विरोध किया, तो उन पर जानलेवा हमला किया गया और परिसर में खड़े सरकारी वाहनों व भवन में जमकर तोड़फोड़ तथा आगजनी की गई।
नौ गवाहों की गवाही और दस्तावेजी साक्ष्यों ने तय की सजा
हजरतगंज पुलिस द्वारा चार्जशीट दाखिल किए जाने के बाद 17 नवंबर 2006 को अदालत ने संज्ञान लेते हुए आरोपियों को तलब किया। कानूनी दांवपेच के बाद मई 2019 में आरोपियों पर आरोप तय (चार्ज फ्रेम) किए गए। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से अदालत में कुल नौ गवाह और पांच महत्वपूर्ण अभिलेखीय साक्ष्य प्रस्तुत किए गए। इन्हीं ठोस गवाहों और दस्तावेजी सबूतों के आधार पर विशेष न्यायाधीश ने तीनों को दोषी मानते हुए सजा सुनाई।
विवादों से पुराना नाता: कोर्ट में पिटाई से लेकर बेटे की गिरफ्तारी तक
पूर्व सांसद बनवारी लाल कंछल और उनके परिवार का विवादों से पुराना नाता रहा है:
साल 2014 (कोर्ट परिसर में पिटाई): 6 दिसंबर 2014 को लखनऊ कोर्ट परिसर में ही वकीलों के एक नाराज समूह ने कंछल को खींचकर बाहर निकाला था और बीच सड़क पर जमकर पिटाई करते हुए उनके कपड़े फाड़ दिए थे तथा उन्हें मुर्गा बनाया था।
साल 2023 (दो साल की सजा): फरवरी 2023 में भी लखनऊ की एमपी-एमएलए कोर्ट ने बिक्री कर अधिकारी से मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने के एक अन्य मामले में कंछल को दो साल की कैद और जुर्माने की सजा सुनाई थी।
बेटे पर भी कसा शिकंजा: जुलाई 2024 में बाराबंकी पुलिस ने उनके बेटे अमित कंछल को एक प्रॉपर्टी डीलर से 2.20 करोड़ रुपये की ठगी और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में गिरफ्तार किया था। इसके बाद अक्टूबर 2024 में चेक बाउंस के एक मामले में लखनऊ की अदालत ने अमित कंछल और उनकी पत्नी अर्पणा अग्रवाल को दो-दो साल के कारावास और 24 लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई थी।











Total views : 459052