
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर/लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर कस्टम सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर विदेश से सोने की तस्करी करने वाले एक गिरोह का सरोजनीनगर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुजफ्फरनगर जनपद के निवासी दो युवकों को धर दबोचा है, जबकि गिरोह का एक अन्य सदस्य अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से नी-कैप में बेहद शातिराना ढंग से छिपाकर लाया गया कुल 1023 ग्राम सोने का पेस्ट बरामद किया है। इसके साथ ही आरोपियों के पास से तस्करी में प्रयुक्त मुजफ्फरनगर नंबर (यूपी12 सीई 9643) की एक काली किया सोनेट कार, दो मोबाइल फोन, 8900 रुपये नकद और सऊदी अरब का आईडी कार्ड भी बरामद हुआ है।
शहीद पथ पर चेकिंग के दौरान घेराबंदी, पुलिस से धक्का-मुक्की कर भागे आरोपी
सरोजनीनगर थाना प्रभारी राजदेव राम प्रजापति और अतिरिक्त प्रभारी निरीक्षक अजय पाल से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार 18 नवंबर की रात उपनिरीक्षक अवनीश वर्मा पुलिस टीम के साथ शहीद पथ पर लक्ष्मण चौक के आगे एयरपोर्ट की तरफ जाने वाले यू-टर्न पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि सऊदी अरब के जेद्दा से बुधवार सुबह लखनऊ पहुंची फ्लाइनास की उड़ान संख्या (एक्सवाई-605) से तस्करी कर लाया गया सोना लेने कुछ लोग काली किया सोनेट कार से आने वाले हैं। सूचना पर सतर्क हुई पुलिस टीम ने एयरपोर्ट क्षेत्र व शहीद पथ पर घेराबंदी कर संदिग्ध कार को रोकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही चालक ने गाड़ी किनारे लगाई और कार सवार तीन लोग पुलिसकर्मियों से गाली-गलौज व धक्का-मुक्की करते हुए भागने लगे। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर दो आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया, जबकि तीसरा आरोपी अब्दुल अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया।


नौकरी छूटने के बाद आर्थिक तंगी में बना तस्कर
पकड़े गए आरोपियों की पहचान मुजफ्फरनगर के नई मंडी थाना क्षेत्र के ग्राम बागोवाली निवासी मोहम्मद अब्दुल्ला (30) और छपार थाना क्षेत्र के ग्राम खुड्डा निवासी मोहम्मद सम्मून (28) के रूप में हुई है। पुलिस ने जब आरोपियों की तलाशी ली, तो अब्दुल्ला की जैकेट से पीले रंग की नी-कैप में सिला हुआ 514 ग्राम और सम्मून के पास से दूसरी नी-कैप में 509 ग्राम (कुल 1023 ग्राम) सोने का पेस्ट बरामद हुआ। पुलिस ने स्थानीय सुनार की मदद से पेस्ट को गलाकर परीक्षण कराया और जांच के नमूने तैयार किए।

पूछताछ में आरोपी सम्मून ने खुलासा किया कि वह वर्ष 2024 में रोजगार के सिलसिले में सऊदी अरब गया था। वहां नौकरी छूटने के बाद आर्थिक तंगी से जूझते हुए वह वहाब नामक व्यक्ति के संपर्क में आया। वहाब ने उसे भारत लौटने का पूरा खर्च उठाने के बदले नी-कैप में सोने का पेस्ट छिपाकर लखनऊ लाने का लालच दिया था। लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचने के बाद उसने योजना के तहत एक नी-कैप अब्दुल्ला को सौंप दी थी, जो इसे आगे निर्धारित ठिकाने तक पहुंचाने के लिए लेने आया था।
एयरपोर्ट की निगरानी व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वे कस्टम जांच से बचकर सोना लेकर सुरक्षित एयरपोर्ट परिसर से बाहर निकल आए थे, लेकिन आगे मुख्य मार्ग पर भारी जाम लगा होने के कारण उन्होंने रास्ता बदलकर दूसरे मार्ग से निकलने का प्रयास किया और इसी दौरान शहीद पथ पर पुलिस की चेकिंग के जाल में फंस गए। फिलहाल सरोजनीनगर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है और उनकी कार को सीज कर दिया गया है। पुलिस फरार आरोपी अब्दुल और गिरोह के अन्य सरगनाओं की तलाश में जुटी है। वहीं, अंतरराष्ट्रीय उड़ान से भारी मात्रा में सोना लेकर पहुंचे तस्करों के कस्टम जांच को चकमा देकर एयरपोर्ट से बाहर निकल आने की इस घटना ने एयरपोर्ट की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।











Total views : 456900