
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर: जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के निर्देशन में शुक्रवार को एसडी इंटर कॉलेज में 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान (NCSC-2026) का जनपद स्तरीय आयोजन उत्साह एवं भव्यता के साथ संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न विद्यालयों के 146 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा, रचनात्मक सोच और नवाचार क्षमता का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सह जिला विद्यालय निरीक्षक सुधीर कुमार उपस्थित रहे।
इस वर्ष राष्ट्रीय बाल विज्ञान का मुख्य विषय ‘सतत विकास के लिए विज्ञान और नवाचार’ रखा गया था। इसके तहत विद्यार्थियों को पांच उपविषयों—अपशिष्ट प्रबंधन के लिए 5R (रिड्यूस, रीयूज, रिट्रीव, रीडिजाइन, रीसायकल), ऊर्जा के क्षेत्र में अन्वेषण व विकास, जल संचयन एवं संरक्षण, खाद्य-कृषि एवं स्वास्थ्य तथा सतत विकास के लिए भारतीय ज्ञान प्रणालियों का अनुप्रयोग—पर अपने शोधपरक प्रोजेक्ट प्रस्तुत करने का अवसर मिला। प्रतियोगिता में जूनियर वर्ग (10 से 14 वर्ष) तथा सीनियर वर्ग (14 से 17 वर्ष) के विद्यार्थियों ने अधिकतम दो के समूह में भाग लिया।
दोनों वर्गों में खुशी ने लहराया परचम
प्रतियोगिता के परिणामों में जूनियर और सीनियर दोनों ही वर्गों में कल्याणकारी इंटर कॉलेज, काजीखेड़ा की छात्रा खुशी ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विशेष उपलब्धि हासिल की।
-
जूनियर वर्ग: खुशी (कल्याणकारी इंटर कॉलेज, काजीखेड़ा) प्रथम, आराध्या (आरएसडी इंटर कॉलेज) द्वितीय तथा इशू (महर्षि दयानंद इंटर कॉलेज, दुधली) तृतीय स्थान पर रहीं। सांत्वना पुरस्कार आध्या धीमान (आरएसडी इंटर कॉलेज) तथा अवन्तिका (महेश ज्ञान दीप हाई स्कूल) को दिया गया।
-
सीनियर वर्ग: खुशी (कल्याणकारी इंटर कॉलेज) प्रथम, रकिया (पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज, पुरकाजी) द्वितीय तथा परी (आरएसडी इंटर कॉलेज) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सांत्वना पुरस्कार श्रुतकीर्ति (जनता जनार्दन इंटर कॉलेज) और मानसी (जेवीपीएस स्कूल) को प्रदान किया गया।
विजेताओं को किया गया सम्मानित
मुख्य अतिथि सह जिला विद्यालय निरीक्षक सुधीर कुमार ने विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर व्यावहारिक अनुभव लेने और समाज की समस्याओं के वैज्ञानिक समाधान खोजने के लिए प्रेरित करते हैं। कार्यक्रम के संयोजक एवं जिला समन्वयक डॉ. रणवीर सिंह ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आज के विद्यार्थी ही भविष्य के वैज्ञानिक और शोधकर्ता हैं।
प्रतियोगिता के मूल्यांकन में निर्णायक मंडल के सदस्य डॉ. विकास कुमार, प्रीति चौधरी, पारुल रानी, डॉ. वशिष्ठ भारद्वाज, रेणु देवी, मनोज शर्मा, रचना शर्मा, डॉ. सोहनपाल, आशीष द्विवेदी और संदीप कौशिक ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अंत में एसडी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य आदित्य प्रकाश सक्सेना ने सभी अतिथियों, शिक्षकों व प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
Post Views: 55












Total views : 456900