
लोकपथ लाइव। मुजफ्फरनगर । जी.डी. गोयनका पब्लिक स्कूल, मुजफ्फरनगर में बुधवार को वार्षिक ‘इन्वेस्टिचर सेरेमनी 2026’ का भव्य एवं गरिमामयी आयोजन किया गया। नेतृत्व, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना से ओत-प्रोत इस समारोह में नवनिर्वाचित छात्र परिषद (स्टूडेंट काउंसिल) के सदस्यों ने औपचारिक रूप से अपना पदभार ग्रहण किया और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की शपथ ली।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय सेना के प्रतिष्ठित अधिकारी कर्नल प्रवीण भाल, विशिष्ट सेवा पदक (VSM), कमांडिंग ऑफिसर (82 यू.पी. बटालियन एनसीसी) मौजूद रहे। उनके साथ विद्यालय प्रबंधक मंडल के सदस्य श्री सचिन गोयल, श्रीमती मीना गोयल एवं अन्य गणमान्य अतिथियों ने शिरकत की। मुख्य अतिथि एवं अतिथियों द्वारा नवनिर्वाचित छात्र नेताओं को उनके पद एवं दायित्वों के प्रतीक स्वरूप बैज और सैश प्रदान किए गए।
विद्यालय के नवनिर्वाचित हेड बॉय शुभ राजपूत एवं हेड गर्ल तनिष्का तायल ने शपथ ग्रहण के उपरांत अपने प्रेरणादायी विचार प्रस्तुत किए। दोनों छात्र प्रतिनिधियों ने विद्यालय के गौरव को बनाए रखने और अपने दायित्वों को पूरी निष्ठा व प्रतिबद्धता के साथ निभाने का संकल्प दोहराया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि कर्नल प्रवीण भाल ने विद्यार्थियों को अनुशासन, नेतृत्व, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्रसेवा के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि एक सच्चा नेता वही है जो अपने आचरण से दूसरों के लिए उदाहरण प्रस्तुत करे। उन्होंने सभी नवनिर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. स्वाति शर्मा ने समारोह की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्य अतिथि, अभिभावकों एवं समस्त स्टाफ का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में जिम्मेदारी, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और उत्कृष्टता की भावना को सुदृढ़ करते हैं। यह समारोह विद्यार्थियों को यह संदेश देने में सफल रहा कि सच्चा नेतृत्व केवल पद पाना नहीं, बल्कि निष्ठा और समर्पण के साथ सेवा करना है।
Post Views: 86













Total views : 397356