
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। खेल निदेशालय लखनऊ के तत्वावधान में जिला खेल कार्यालय मुजफ्फरनगर द्वारा चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में चार दिवसीय जिला स्तरीय बालक एवं बालिका खेल प्रतियोगिताओं का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान ने मैदान पर उतरकर प्रतिभागी खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता के पहले चरण में बॉक्सिंग, वुशु और वॉलीबॉल के विजेताओं को विशिष्ट अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया गया। जिला बॉक्सिंग संघ के सचिव सतीश सहरावत, होली एंजेल पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य पर्वेंद्र दहिया और अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग खिलाड़ी हर्षप्रीत सहरावत ने संयुक्त रूप से खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर कुल 212 खिलाड़ियों को ट्रैकसूट और खेल किट प्रदान की गई। बॉक्सिंग और वुशु स्पर्धाओं में बालक-बालिका वर्ग में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों के साथ-साथ वॉलीबॉल की विजेता व उपविजेता टीमों को भी पुरस्कृत किया गया। खेल निर्णायकों को भी उनकी निष्पक्ष भूमिका के लिए सम्मानित किया गया। आयोजन का सफल संचालन प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारीभूपेंद्र सिंह यादव एवं बाल कल्याण समिति के राजीव कुमार ने किया। इस दौरान खेल कार्यालय के समस्त प्रशिक्षकों और स्टाफ का पूर्ण सहयोग रहा।
Post Views: 158













Total views : 296239