
लोकपथ लाइव, सहारनपुर। भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन टीम ने सहारनपुर विकास प्राधिकरण (SDA) के अवर अभियंता (JE) आशीष सक्सेना को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से प्राधिकरण कार्यालय और आसपास के क्षेत्रों में हड़कंप मच गया। आरोपी अभियंता को सदर बाजार थाने के सुपुर्द कर दिया गया है, जहां उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, एक व्यक्ति ने एंटी करप्शन संगठन में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसका एक कार्य पूरा कराने के एवज में सहारनपुर विकास प्राधिकरण में तैनात अवर अभियंता आशीष सक्सेना 20 हजार रुपये की मांग कर रहे हैं। शिकायतकर्ता का आरोप था कि बिना रिश्वत दिए उसके काम की फाइल आगे नहीं बढ़ाई जा रही थी। शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम ने पूरे मामले का सत्यापन किया और एक जाल (ट्रैप) बिछाया।
मेडिकल स्टोर पर बिछाया गया जाल
योजना के अनुसार मंगलवार को आरोपी अवर अभियंता ने शिकायतकर्ता को सहारनपुर विकास प्राधिकरण कार्यालय के बाहर स्थित एक मेडिकल स्टोर पर रुपये लेकर बुलाया था। जैसे ही शिकायतकर्ता ने 20 हजार रुपये की तय रकम आशीष सक्सेना के हाथों में सौंपी, वहां पहले से ही मुस्तैद एंटी करप्शन टीम ने उन्हें रंगेहाथ दबोच लिया। टीम ने आरोपी के पास से रिश्वत की रकम भी मौके पर ही बरामद कर ली। इसके बाद टीम ने सदर बाजार थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज।
इस कार्रवाई के दौरान मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। एक सरकारी अधिकारी के रिश्वत लेते पकड़े जाने की खबर से प्राधिकरण कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। एंटी करप्शन टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर सदर बाजार थाने पहुंचाया, जहां देर शाम तक लिखापढ़ी और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी रही।
Post Views: 179













Total views : 316337