
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। छपार थाना क्षेत्र के गांव छपार में मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। देर रात दो पक्षों के बीच हुए विवाद में जमकर मारपीट और पथराव हुआ। इस दौरान सीने में ईंट लगने से 55 वर्षीय बुजुर्ग हारुन गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन और पुलिस उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने मृतक की पत्नी की तहरीर पर पड़ोसी अनवर, उसकी पत्नी, पुत्री और पुत्र समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी हारुन पुत्र मुद्दा की देर रात पड़ोसी अनवर के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। शुरुआत में मामूली नजर आ रहा विवाद देखते ही देखते बढ़ गया। दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और उनके बीच मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान पथराव होने लगा। पथराव के बीच एक ईंट हारुन के सीने में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।
घटना की सूचना मिलने पर छपार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल हारुन को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बुजुर्ग की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
थाना पुलिस के अनुसार, मृतक की पत्नी की तहरीर पर अनवर समेत सात नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।
Post Views: 101












Total views : 456901