
लोकपथ लाइव, लखनऊ। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी)-2026 की तैयारियां शुरू हो गई हैं। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने परीक्षा का कार्यक्रम जारी कर दिया है। परीक्षा आगामी 26 और 27 फरवरी 2027 को आयोजित की जाएगी। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 24 नवंबर 2026 से शुरू होगी। इसी दिन आयोग की वेबसाइट पर विस्तृत विज्ञापन जारी किया जाएगा।
आयोग के अनुसार, यूपीटीईटी में प्राथमिक स्तर (कक्षा एक से पांच) और उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा छह से आठ) की पात्रता परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस बार आवेदन प्रक्रिया में वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) व्यवस्था लागू की गई है। अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले ओटीआर प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए यह व्यवस्था लागू की गई है। इच्छुक अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध विस्तृत विज्ञापन और निर्देश पुस्तिका का अध्ययन करने के बाद आवेदन कर सकेंगे।
आयोग के उप सचिव संजय कुमार सिंह के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 23 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है। वहीं, आवेदन पत्र में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर अभ्यर्थियों को 27 दिसंबर 2026 तक संशोधन का अवसर मिलेगा।
अभ्यर्थी ओटीआर और आवेदन संबंधी विस्तृत जानकारी आयोग की वेबसाइट https://uptet.upessc.org/otr/info पर प्राप्त कर सकते हैं।
महत्वपूर्ण तिथियां
-
विज्ञापन और आवेदन प्रारंभ: 24 नवंबर 2026
-
आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि: 23 दिसंबर 2026
-
आवेदन में संशोधन की अंतिम तिथि: 27 दिसंबर 2026
-
परीक्षा तिथि: 26 और 27 फरवरी 2027
Post Views: 97












Total views : 456526