
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। चिकित्सा क्षेत्र की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षा ‘नीट-यूजी 2026’ के परिणाम घोषित होते ही स्थानीय एमजी पब्लिक स्कूल में जश्न का माहौल है। विद्यालय के तीन मेधावी छात्र-छात्राओं ने इस कठिन परीक्षा में उत्कृष्ट अंक हासिल कर न सिर्फ अपने माता-पिता का नाम रोशन किया, बल्कि पूरे जनपद में विद्यालय का मान बढ़ाया है। परीक्षा में शानदार सफलता दर्ज करने वाले इन छात्र-छात्राओं की उपलब्धि पर स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों ने हर्ष व्यक्त किया है।
एमजी पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्या मोनिका गर्ग ने परीक्षा परिणामों की जानकारी देते हुए बताया कि सत्र 2025-26 बैच के छात्र विधान भारद्वाज ने नीट परीक्षा में 720 में से 600 अंक अर्जित कर 99.49 पर्सेन्टाइल हासिल किया है। वहीं, सत्र 2023-24 बैच के छात्र वंश पंवार ने 575 अंकों के साथ 98.95 पर्सेन्टाइल और इसी बैच की छात्रा नंदिनी रूहेला ने 569 अंक प्राप्त कर 98.78 पर्सेन्टाइल के साथ शानदार सफलता का परचम लहराया है। तीनों विद्यार्थियों के घरों पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
प्रधानाचार्या मोनिका गर्ग ने सफल विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और मार्गदर्शक शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता बच्चों के कठिन परिश्रम, अटूट अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण का सीधा परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह मेधावी आगे चलकर चिकित्सा क्षेत्र में देश का नाम रोशन करेंगे और उनकी यह उपलब्धि विद्यालय के अन्य छात्र-छात्राओं के लिए भी प्रेरणा का बड़ा स्रोत बनेगी।
Post Views: 96












Total views : 380088