
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। मेरठ रोड स्थित शारदेन स्कूल के निदेशक विश्व रतन सिंह ने खालापार थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए देहरादून निवासी उदय प्रताप सिंह, उसके पुत्र अनिरुद्ध प्रताप सिंह तथा उनके साझेदार विशाल वर्मा पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


स्कूल के विश्व रतन सिंह ने बताया कि 14 जुलाई को उन्होंने देहरादून के जोगीवाला, छिदरावाला निवासी उदय प्रताप सिंह को फोन पर रुपये देने संबंधी संदेश भेजा था। आरोप है कि संदेश भेजने के करीब तीन मिनट बाद ही उदय प्रताप सिंह का विदेश से फोन आया। बातचीत के दौरान रुपये मांगने पर आरोपित ने उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी।

पीड़ित का यह भी आरोप है कि इससे पहले 11 जून को उदय प्रताप सिंह का पुत्र अनिरुद्ध प्रताप सिंह अपने चार साथियों के साथ उनके घर आया था और उस दौरान भी उन्हें धमकाया गया था। मामले में उदय प्रताप सिंह, अनिरुद्ध प्रताप सिंह और उनके साझेदार विशाल वर्मा को नामजद किया गया है। खालापार थाना पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।











Total views : 373846