
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। सहारनपुर मंडल के संयुक्त शिक्षा निदेशक (जेडी) राणा सहस्त्रांशु कुमार सुमन ने बुधवार को पी एम श्री राजकीय इंटर कालेज का औचक निरीक्षण किया। इस औचक निरीक्षण से विद्यालय प्रशासन में हड़कंप की स्थिति रही, हालांकि निरीक्षण के दौरान सभी व्यवस्थाएं सुदृढ़ पाई गईं।
संयुक्त शिक्षा निदेशक सुबह दैनिक प्रार्थना सभा के तुरंत बाद प्रथम कालांश में ही सीधे विद्यालय परिसर पहुंचे। उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, छात्र संख्या, छात्र-शिक्षक उपस्थिति, शिक्षण कार्य, पुस्तकालय की स्थिति, शुल्क विवरण, पाठ्य-पुस्तकों के वितरण, स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई तथा वृक्षारोपण अभियान की जमीनी हकीकत परखी। इसके साथ ही उन्होंने शिक्षकों की शिक्षण डायरी, व्यावसायिक शिक्षा विभाग और अन्य मूलभूत आधारभूत ढांचों का बेहद बारीकी से भौतिक सत्यापन किया। सघन जांच के उपरांत जेडी महोदय ने विद्यालय की समग्र व्यवस्था और अनुशासन पर संतोष व्यक्त किया। इस दौरान जेडी ने विद्यार्थियों और शिक्षकों से सीधा संवाद किया। निरीक्षण कार्यक्रम के अंतिम चरण में संयुक्त शिक्षा निदेशक, उपप्रधानाचार्य लेफ्टिनेंट नितिन कुमार, वृक्षारोपण जनपद प्रभारी रजित, अनिल कुमार और डॉ. सोहनपाल ने संयुक्त रूप से विद्यालय प्रांगण में आम का पौधा रोपा। इस दौरान अधिकारियों ने विद्यार्थियों और स्टाफ को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संदेश दिया।
Post Views: 73













Total views : 372846