
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण ने अवैध निर्माणकर्ताओं के खिलाफ अपनी जीरो टॉलरेंस नीति के तहत बुधवार को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। मंडलायुक्त सहारनपुर मण्डल व मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष प्रणता ऐश्वर्या के कड़े आदेशों के अनुपालन में, प्राधिकरण की टीम ने ज़ोन-4 के अंतर्गत आने वाले बुढाना रोड पर करीब 13,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में किए गए भारी अवैध निर्माण को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
प्राप्त विवरण के अनुसार, बुढाना रोड पर अटल आवास एनक्लेव और इंडियाना फैक्ट्री से आगे खसरा नंबर 522, 523 एवं 524 में प्राधिकरण से बिना कोई मानचित्र स्वीकृत कराए अवैध रूप से बड़े पैमाने पर निर्माण कार्य कराया जा रहा था।
पहले दी गई थी चेतावनी, सुनवाई के बाद जारी हुआ था आदेश: प्राधिकरण अधिकारियों ने बताया कि इस अवैध निर्माण के विरुद्ध नियमानुसार पूर्व में ही कारण बताओ नोटिस जारी किए गए थे। चालानी कार्रवाई के इस पूरे घटनाक्रम में निर्माणकर्ताओं को अपनी बात रखने का समुचित अवसर और सुनवाई का पूरा समय दिया गया था। संतोषजनक जवाब न मिलने और मानचित्र की अनुपलब्धता के कारण ही सक्षम स्तर से इस अवैध निर्माण को ढहाने के अंतिम आदेश निर्गत किए गए थे।


इसी क्रम में आज दिनांक 17 जून 2026 को प्राधिकरण के सहायक अभियंता, अवर अभियंता और प्रवर्तन दल की विशेष टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में बुल्डोजर और अन्य मशीनों की मदद से देखते ही देखते पूरे 13,000 वर्ग मीटर के अवैध साम्राज्य को मलबे के ढेर में तब्दील कर दिया गया। प्राधिकरण की इस कड़क कार्रवाई से क्षेत्र के भू-माफियाओं और अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। प्राधिकरण प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि भविष्य में भी बिना ले-आउट और मानचित्र पास कराए किए जाने वाले किसी भी निर्माण को बख्शा नहीं जाएगा।
Post Views: 47












Total views : 344535