
जिले का पुलिस अमला मौके पर, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए अहम साक्ष्य, फरार आरोपी की तलाश में टीमें गठित
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर: थाना शाहपुर क्षेत्र के ग्राम आदमपुर में रविवार दोपहर एक ऐसी वारदात हुई, जहां ऑनर किलिंग (सम्मान के नाम पर हत्या) की इस खौफनाक वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। बहन का गला रेत कर हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी भाई मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी हैं।


पुलिस के अनुसार दोपहर को थाना शाहपुर पुलिस को सूचना मिली कि आदमपुर गांव में एक युवती की हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना गजेन्द्र पाल सिंह और थानाध्यक्ष शाहपुर गजेन्द्र सिंह मय पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। शुरुआती पूछताछ और परिजनों से बातचीत में जो तथ्य सामने आए, वो चौंकाने वाले थे। पुलिस के मुताबिक मृतका अदीबा पुत्री शकील उर्फ वीर कुरैशी किसी युवक से मोबाइल पर बातचीत करती थी। इसी बात से नाराज होकर उसके भाई ने पहले बहस की, फिर गुस्से में आकर तेजधार हथियार से उसका गला रेत दिया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए, तब तक आरोपी घर से भाग चुका था। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने खुद मृतका की माता से मुलाकात की और पूरी घटना की जानकारी ली। उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि दोषी को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने खून के नमूने, हथियार और अन्य अहम साक्ष्य संकलित किए हैं। इन सबूतों के आधार पर पुलिस अब आगे की विवेचना कर रही है।

आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर तीन टीमें गठित
थाना शाहपुर पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। आरोपी भाई की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी के निर्देश पर तीन अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना गजेन्द्र पाल सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह ‘ऑनर किलिंग’ का मामला प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है ताकि युवक की पहचान की जा सके जिससे अदीबा बात करती थी। घटनास्थल पर बुलाई गई फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम ने घटनास्थल से खून के नमूने, फिंगरप्रिंट्स और अन्य महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य संकलित किए हैं, जिन्हें विवेचना में शामिल किया जाएगा।
गांव में मातम, तनावपूर्ण माहौल
इस घटना के बाद आदमपुर गांव में मातम का माहौल है। अदीबा की मौत से परिवार सदमे में है। वहीं पुलिस ने संवेदनशीलता को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है। अधिकारियों के अनुसार मौके पर कानून एवं शांति व्यवस्था की स्थिति पूर्णतः सामान्य है। किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की गई है। स्थानीय पुलिस अब परिजनों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है। पुलिस का मानना है कि 24-48 घंटे के अंदर आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होगा।











Total views : 325059