
विस्फोट के बाद इलाके में अंधाधुंध फायरिंग से फैली दहशत, अस्पतालों में इमरजेंसी घोषित
लोकपथ लाइव, क्वेटा: पाकिस्तान के अशांत प्रांत बलूचिस्तान की राजधानी क्वेटा से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ चमन फाटक के पास रेलवे ट्रैक के किनारे एक शक्तिशाली बम विस्फोट हुआ। इस हमले में कम से कम 23 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 47 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। धमाका इतना भीषण था कि क्वेटा कैंट की तरफ जा रही शटल ट्रेन का इंजन और तीन डिब्बे पटरी से उतर गए, जिनमें से दो डिब्बे पूरी तरह पलट गए। विस्फोट के तुरंत बाद पूरे इलाके में स्वचालित हथियारों से फायरिंग की आवाजें भी सुनी गईं, जिससे घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।


मलबे में तब्दील हुईं बोगियां, इमारतों के शीशे टूटे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाके की गूंज कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई। विस्फोट के प्रभाव से रेलवे परिसर और आसपास के क्षेत्र में खड़ी करीब 10 गाड़ियां पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। यही नहीं, तीव्रता इतनी अधिक थी कि नजदीकी रिहायशी और व्यापारिक इमारतों की खिड़कियों के शीशे चकनाचूर हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, सेना और रेस्क्यू टीमों ने मोर्चा संभाला। पूरे इलाके को चारों तरफ से सील कर दिया गया है। बलूचिस्तान सरकार के आधिकारिक प्रवक्ता बाबर यूसुफजई ने बताया कि घायलों को तुरंत नजदीकी सैन्य और सिविल अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत नाजुक होने के कारण मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका है। सभी सरकारी अस्पतालों में रेड अलर्ट और इमरजेंसी लागू कर दी गई है।

जाफर एक्सप्रेस को रोका गया, राहत कार्य जारी
रेलवे प्रशासन ने सुरक्षात्मक कदम उठाते हुए पेशावर जाने वाली ‘जाफर एक्सप्रेस’ को आनन-फानन में क्वेटा रेलवे स्टेशन पर ही रोक दिया है। इसके साथ ही प्रभावित ट्रैक पर ट्रेनों का आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है। मलबे में दबे यात्रियों को सुरक्षित निकालने और ट्रैक को साफ करने के लिए विशेष रेस्क्यू ट्रक और एक राहत ट्रेन को मौके पर रवाना किया गया है। हालांकि, बलूचिस्तान में सक्रिय किसी भी अलगाववादी या प्रतिबंधित संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी फिलहाल नहीं ली है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इसके पीछे बलूच स्वतंत्रता की मांग करने वाले उग्रवादी गुटों का हाथ हो सकता है।
कायराना हरकत से हौसले नहीं होंगे पस्त:रेल मंत्री
इस बीच, पाकिस्तान के रेल मंत्री मोहम्मद हनीफ अब्बासी ने इस क्रूर हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने इसे देश की स्थिरता पर एक कायराना आतंकी हमला करार दिया। रेल मंत्री ने कहा कि मासूम नागरिकों को निशाना बनाना आतंकवादियों की हताशा को दर्शाता है। ऐसे गीदड़ भभकियों से आतंकवाद के खिलाफ पाकिस्तान के हौसले और संकल्प को कमजोर नहीं किया जा सकता। रेलवे का नेटवर्क देश की लाइफलाइन है, और इस हमले के बावजूद हमारा कामकाज और ट्रेन सेवाएं प्रभावित नहीं होंगी। अब्बासी ने रेलवे बोर्ड और स्थानीय प्रशासन से घटना की विस्तृत जांच रिपोर्ट तलब की है और पीड़ितों को हर संभव चिकित्सा सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया है। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए क्वेटा और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त कर दी गई है।











Total views : 318804