हरियाणा में अपना कुनबा बढ़ाने में जुटी कांग्रेस
भाजपा का दामन छोड़ कांग्रेस में शामिल हुए अनेक नेता

बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, और महंगाई मुद्दे की लड़ेंगे लडाई
LP Live, Chandigarh: कांग्रेस पार्टी विभिन्न मुद्दों पर हरियाणा की भाजपा-जजपा सरकार को बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, और महंगाई मुद्दे पर लगातार घेरने में लगी है और इस मुद्दे पर पार्टी को मजबूत करने का प्रयास कर रही है। पार्टी का कुनबा बढ़ाने में जुटी कांग्रेस ने भाजपा के आधा दर्जन से ज्यादा नेताओं को कांग्रेस की सदस्यता दिलाई।
यहां कांग्रेस पार्टी में शामिल होने वाले भाजपा नेताओं में संयुक्त किसान मंडल अध्यक्ष जसबीर सिंह कुटेल, घरौंडा से भाजपा विधायक के चचेरे भाई औऱ भाजपा के अलावा भाजपा से जुड़े जोगिंदर चौहान, अश्वनी कल्याण, सुरेंद्र सिंह, सुभाष पांचाल, बीरपाल पहलवान, सुरेंद्र पांचाल, विजय कुमार, दीपक पांचाल, गोपाल पांचाल, साहनी पांचाल शामिल है। इन सभी नेताओं को कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष उदयभान ने उनका स्वागत करते हुए कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कराई।
पार्टी में शामिल हुए नेताओं ने प्रदेश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, और भ्रष्टाचार के खिलाफ मिलकर लड़ाई लड़ने का ऐलान किया। पार्टी अध्यक्ष चौधरी उदयभान ने कहा कि लगातार सत्ताधारी भाजपा और जजपा को छोड़कर नेता और कार्यकर्ता कांग्रेस का दामन थाम रहे हैं। इससे स्पष्ट है कि आम जनता ही नहीं बल्कि सत्ताधारी गठबंधन के नेता और कार्यकर्ता भी सरकार की कार्यशैली से खुश नहीं है। सभी का कांग्रेस की तरफ रुझान बताता है कि प्रदेश में आने वाला समय कांग्रेस का है। जनता प्रदेश में बदलाव का मन बना चुकी और कांग्रेस की सरकार बनना तय है।
