प्रगति मैदान में अंतर्राष्ट्रीय संग्रहालय एक्सपो शुरू
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया शुभारंभ और प्रदर्शनी का अवलोकन


LP Live, New Delhi: नई दिल्ली में प्रगति मैदान में आजादी के अमृत महोत्सव के हिस्से के रूप में 47वें अंतर्राष्ट्रीय संग्रहालय दिवस का जश्न मनाने के लिए अंतर्राष्ट्रीय संग्रहालय एक्सपो शुरु हो गया है। इस मेले का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया। वहीं उन्होंने नॉर्थ एवं साउथ ब्लॉक में बनने वाले राष्ट्रीय संग्रहालय के वर्चुअल वॉकथ्रू का भी उद्घाटन किया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अंतर्राष्ट्रीय संग्रहालय दिवस के विषय ‘संग्रहालय, स्थिरता और कल्याण’ के तहत अंतर्राष्ट्रीय संग्रहालय एक्सपो का शुभारंभ करने के साथ ही एक्सपो के शुभंकर, ग्राफिक नॉवेल-संग्रहालय में एक दिन, भारतीय संग्रहालयों की निर्देशिका, कर्तव्य पथ के पॉकेट मानचित्र और संग्रहालय कार्ड का भी विमोचन किया। अंतर्राष्ट्रीय संग्रहालय एक्सपो का शुभंकर चेन्नापट्टनम कला शैली में लकड़ी से बनी डांसिंग गर्ल का समकालीन वर्जन है। द ग्राफिक नॉवेल राष्ट्रीय संग्रहालय में आने वाले बच्चों के एक समूह को चित्रित करता है, जहां वे संग्रहालय में उपलब्ध करियर के विभिन्न अवसरों के बारे में सीखते हैं। उन्होंने प्रदर्शनी का निरीक्षण भी किया।

राष्ट्रीय संग्रहालय बनेगा
इस मौके पर प्रधानमंत्री ने नॉर्थ एवं साउथ ब्लॉक में बनने वाले राष्ट्रीय संग्रहालय के वर्चुअल वॉकथ्रू का भी उद्घाटन किया। यह संग्रहालय भारत के अतीत से संबंधित उन ऐतिहासिक घटनाओं, व्यक्तित्वों, विचारों और उपलब्धियों को उजागर करने और प्रदर्शित करने का एक व्यापक प्रयास है, जिन्होंने भारत के वर्तमान के निर्माण में योगदान दिया है। संसद संग्रहालय और अभिलेखागार भी इस आयोजन में भाग ले रहा है और संविधान की सुलेख प्रति के हिंदी और अंग्रेजी संस्करणों और संविधान सभा से कुछ दुर्लभ तस्वीरों को प्रदर्शित कर रहा है। प्रगति मैदान में आयोजित इस अंतर्राष्ट्रीय संग्रहालय एक्सपो-2023 में दुनिया भर के सांस्कृतिक केंद्रों और संग्रहालयों से अंतर्राष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल भी शामिल हो रहे हैं। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी, मीनाक्षी लेखी और अर्जुन राम मेघवाल भी मौजूद रहे।
