
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। ऐतिहासिक एवं पौराणिक तीर्थ स्थल शुकतीर्थ के चहुंमुखी विकास और स्थानीय जनसमस्याओं के निस्तारण को लेकर जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल ने लखनऊ में उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह से शिष्टाचार भेंट की। मुलाकात के दौरान डॉ. निर्वाल ने शुकतीर्थ की मूलभूत समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए उनके त्वरित समाधान के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव सौंपे। इस पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने शुकतीर्थ की सभी जायज समस्याओं का जल्द से जल्द निस्तारण कराने और विकास कार्यों को गति देने का पूरा भरोसा दिलाया है।
बैठक की शुरुआत में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल ने शुकतीर्थ में गंगा की धारा के रूप में 200 क्यूसेक गंगाजल की अनवरत व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पर्यटन मंत्रालय का आभार प्रकट किया। इसके बाद उन्होंने तीर्थ क्षेत्र में संतों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जल निकासी (ड्रेनेज सिस्टम) की समुचित व्यवस्था करने, एक नए पुल का निर्माण कराने, घाट पर आरती स्थल को और अधिक सुविधाजनक व उचित स्थान पर विकसित करने तथा मुख्य सड़कों के चौड़ीकरण के प्रस्ताव पर पर्यटन मंत्री से विस्तार से चर्चा की।
डॉ. निर्वाल ने पर्यटन मंत्री से विशेष आग्रह किया कि शुकतीर्थ के विकास की कोई भी बड़ी योजना बनाते समय स्थानीय संत समाज और जिले के जनप्रतिनिधियों के सुझावों को प्राथमिकता दी जाए, ताकि जमीनी जरूरतों के हिसाब से ही विकास का खाका तैयार हो सके। जिला पंचायत अध्यक्ष ने कैबिनेट मंत्री को शुकतीर्थ आने का औपचारिक निमंत्रण भी दिया, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार करते हुए जल्द ही समस्याओं के मौके पर समाधान का आश्वासन दिया।
Post Views: 150













Total views : 344201