
लोकपथ लाइव, ग्रेटर नोएडा / लखनऊ: यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में उत्तर प्रदेश पुलिस की प्रदर्शनी आगंतुकों के बीच मुख्य आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। इस प्रदर्शनी में एक तरफ जहां पुलिसकर्मी गीत-संगीत के माध्यम से साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और सतर्क नागरिक बनने का संदेश दे रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ देश-विदेश के आधुनिक हथियारों ने हर किसी का ध्यान खींचा है।
अमेठी की AK-203 और इजराइली हथियारों की धूम
प्रदर्शनी में भारत-रूस के आपसी सहयोग से अमेठी के कोरवा में निर्मित AK-203 असॉल्ट राइफल को विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया है। इसके अलावा, इजराइली मूल की गन समेत विभिन्न श्रेणियों के अत्याधुनिक सुरक्षा उपकरण और आधुनिक तकनीक से लैस असलहे भी यहां डिस्प्ले पर हैं। आगंतुकों को इन हथियारों की विशेषताओं और उनकी उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी जा रही है।
आपदा प्रबंधन और ‘112’ आपात सेवा
एसटीएफ (STF), विशेष सुरक्षा बल और अन्य सुरक्षा इकाइयों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरणों के साथ-साथ बाढ़ और जलभराव जैसी आपात स्थितियों से निपटने वाले बचाव उपकरणों को भी प्रदर्शित किया गया है। इसके साथ ही, संकट के समय 112 आपात सेवा के जरिए त्वरित पुलिस सहायता हासिल करने की पूरी प्रक्रिया को भी सरल तरीके से समझाया जा रहा है।
वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी
इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधिकारी बीके सिंह ने प्रदर्शनी में पहुंचकर आम जनता से सीधा संवाद किया और इस सफल आयोजन में विशेष योगदान देने वाले कर्मियों व सहयोगियों को सम्मानित किया। यह स्टॉल आधुनिक तकनीक, जागरूकता और आपदा प्रबंधन का एक अनूठा संगम साबित हो रहा है।
Post Views: 184













Total views : 424406