
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। नई दिल्ली स्थित डा. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में आयोजित 69वीं नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में मुजफ्फरनगर निवासी निशानेबाज डा. दानिश खान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। 21 नवंबर को आयोजित मास्टर मेन इंडिविजुअल स्कीट स्पर्धा के फाइनल मुकाबले में डा. दानिश खान ने 29 निशाने साधकर पहला स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से मुजफ्फरनगर सहित पूरे उत्तर प्रदेश का गौरव बढ़ा है। इससे पहले पिछले वर्ष उन्होंने दुबई में आयोजित ओपन गेम्स में भी गोल्ड मेडल जीतकर देश का नाम रोशन किया था।
नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एनआरएआई) की ओर से आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के फाइनल में आठ निशानेबाजों ने हिस्सा लिया। डा. दानिश खान ने क्वालिफिकेशन राउंड में 125 में से 109 अंक हासिल कर दूसरा स्थान प्राप्त किया था। फाइनल में उन्होंने बेहतरीन एकाग्रता दिखाते हुए 29 निशाने लगाए और स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। तेलंगाना के जे. जयेशचंद ने 27 निशानों के साथ रजत और दिल्ली के सैय्यद हम्माद मीर ने 25 निशानों के साथ कांस्य पदक हासिल किया।
शुकतीर्थ में मोहन भागवत ने किया वेदव्यास मंदिर का लोकार्पण, राष्ट्रधर्म सर्वोपरि का दिया संदेश
अस्पताल की व्यस्तता के बीच 350 किमी का सफर कर करते हैं अभ्यास डा. दानिश खान पेशे से ऑर्थोपेडिक सर्जन हैं और अपना निजी अस्पताल संचालित करते हैं। चिकित्सा पेशे की व्यस्तता के बावजूद उन्होंने निशानेबाजी के जुनून को जीवित रखा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 1990 से अब तक 36 वर्षों के सफर में उन्होंने कभी कोई स्टेट चैंपियनशिप मिस नहीं की और पिछले 20 वर्षों में किसी नेशनल चैंपियनशिप से अनुपस्थित नहीं रहे। अभ्यास के लिए वह करीब 350 किलोमीटर का सफर तय कर दिल्ली जाते हैं और रात करीब 12 बजे लौटकर अस्पताल की जिम्मेदारियां संभालते हैं।
ओलंपिक में स्वर्ण जीतने का है सपना: अब तक सैकड़ों पदक जीत चुके डा. दानिश के खाते में दो नेशनल गोल्ड, दो नेशनल ब्रॉन्ज और आठ इंडिया ओपन के पदक शामिल हैं। उनका सपना ओलंपिक खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व कर स्वर्ण पदक जीतना और पोडियम पर खड़े होकर राष्ट्रगान सुनना है। युवाओं को संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि पूरी लगन और दृढ़ इच्छाशक्ति से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
Post Views: 55












Total views : 458216