
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) परिसर में प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापकों की समर्थ एवं सक्षम प्रशिक्षण को नया बैच शुरू हुआ। तीन दिवसीय इस बैच में समर्थ एवं सक्षम कार्यक्रम के तहत आयोजित इस विशेष प्रशिक्षण में जनपद के प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के कुल 100 प्रधानाध्यापकों को ट्रेनिंग दी गई। प्रशिक्षण सत्र का शुभारंभ वरिष्ठ प्राचार्य योगेश शर्मा ने किया।
समर्थ एवं सक्षम प्रशिक्षण कार्यक्रम डायट प्राचार्य हरिकेश यादव के कुशल दिशा-निर्देशन में शुरू हुआ। सत्र के दौरान मास्टर ट्रेनर अंजली सिंह, श्रीपाल, डॉ. विकिन और डॉ. पंकज वशिष्ठ ने प्रधानाध्यापकों को आधुनिक शिक्षण पद्धतियों एवं प्रबंधकीय कौशल की विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षकों ने मुख्य रूप से विद्यालयों में शैक्षिक गुणवत्ता को बढ़ावा देने, विद्यार्थियों के सीखने के स्तर में गुणात्मक सुधार लाने और शिक्षकों के सतत क्षमता विकास से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रकाश डाला। प्रशिक्षण की उपयोगिता और उद्देश्यों को रेखांकित करते हुए प्रशिक्षकों ने कहा कि यहाँ से प्राप्त ज्ञान व कौशलों को विद्यालय स्तर पर पूरी निष्ठा और प्रभावशीलता के साथ लागू किया जाए, ताकि छात्र-छात्राओं को एक समृद्ध, सुगम और बेहतर शैक्षिक वातावरण मिल सके। 
कार्यक्रम के दौरान सहभागी प्रधानाध्यापकों ने विभिन्न रोचक गतिविधियों में सक्रिय रूप से हिस्सा लिया और अपनी जिज्ञासाओं व व्यावहारिक समस्याओं के समाधान के लिए प्रशिक्षकों से सीधे संवाद कर सवाल भी पूछे, जिसका समाधान किया गया।
Post Views: 141













Total views : 408379