
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। प्राथमिक विद्यालय पचेड़ा प्रकरण को लेकर जनपद के विभिन्न शिक्षक संगठनों ने अभूतपूर्व एकजुटता का परिचय देते हुए पीड़ित अध्यापक एवं अध्यापिकाओं के समर्थन में एक मंच से अपनी आवाज बुलंद की। शिक्षक नेताओं ने स्पष्ट कहा कि शिक्षकों का सम्मान और न्याय सर्वोपरि है तथा किसी भी निर्दोष शिक्षक के साथ अन्याय स्वीकार नहीं किया जाएगा।


बैठक एवं प्रतिनिधिमंडल में माध्यमिक शिक्षक संघ की ओर से जिला अध्यक्ष डॉ. राहुल कुशवाहा और अमित जैन शामिल हुए। वहीं बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से रामरतन, रामधन, बालेंद्र, अरविंद मलिक, संजीव बालियान, अवनीश राठी, कपिल तोमर तथा प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष राहुल चौधरी सहित कई शिक्षक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

शिक्षक प्रतिनिधिमंडल ने जनपद के प्रभारी मंत्री सोमेंद्र तोमर, राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल, जिलाधिकारी मुजफ्फरनगर, नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप तथा जिला पंचायत अध्यक्ष के समक्ष पूरे मामले को विस्तार से रखते हुए पीड़ित शिक्षकों के साथ न्याय किए जाने की मांग उठाई।
सभी शिक्षक संगठनों ने एक स्वर में कहा कि यदि पीड़ित शिक्षकों के विरुद्ध दर्ज एफआईआर की निष्पक्ष समीक्षा कर न्यायोचित कार्रवाई नहीं की गई और निर्दोष शिक्षकों को राहत नहीं मिली तो सभी संगठन व्यापक लोकतांत्रिक आंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति की पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
शिक्षक नेताओं ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर न्याय सुनिश्चित करने तथा शिक्षकों की गरिमा एवं सम्मान की रक्षा करने की अपेक्षा जताई।












Total views : 390546