
लोकपथ लाइव, खतौली (मुजफ्फरनगर): उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के खतौली से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जानसठ रोड स्थित कुन्द-कुन्द जैन इंटर कॉलेज में गुरुवार को पढ़ाई के दौरान उस वक्त हड़कंप मच गया, जब 12वीं कक्षा के एक छात्र ने अपने ही सहपाठी पर क्लासरूम के अंदर तमंचे से फायर कर दिया। गनीमत यह रही कि गोली मिस हो गई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, इस घटना से स्कूल परिसर और कक्षाओं में भारी भगदड़ और अफरातफरी मच गई। आरोपी छात्र ने रोकने का प्रयास करने पर कॉलेज के प्रधानाचार्य पर भी तमंचा तान दिया था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी छात्र को गिरफ्तार कर लिया है।
3 दिन पहले हुई मारपीट का बदला लेने के लिए उठाया खौफनाक कदम
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी छात्र शेखपुरा का रहने वाला है और कुन्द-कुन्द जैन इंटर कॉलेज में 12वीं कक्षा में पढ़ता है। पूछताछ में सामने आया कि तीन दिन पहले आरोपी छात्र और पीड़ित छात्र के गुट के बीच किसी बात को लेकर मारपीट हुई थी, जिसमें आरोपी छात्र घायल हो गया था। इस मामले की शिकायत पुलिस चौकी में भी दी गई थी, लेकिन आरोप है कि पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसी बात से खुन्नस खाकर आरोपी छात्र गुरुवार को अपने बैग में तमंचा छिपाकर स्कूल पहुंच गया।
क्लासरूम में चली गोली, फिर जमीन पर फायर कर दी धमकी
घटना के दिन आरोपी छात्र देरी से कॉलेज पहुंचा। मुख्य गेट पर तैनात सुरक्षा गार्ड ने जब उससे देरी का कारण पूछा, तो उसने पैर में चोट लगने का बहाना बनाया और अंदर चला गया। वह सीधा अपनी कक्षा में पहुंचा, बैग से तमंचा निकाला और सामने बैठे छात्र पर गोली चला दी। हालांकि, निशाना चूकने से गोली मिस हो गई और छात्र की जान बाल-बाल बच गई। इसके बाद आरोपी ने दूसरी गोली जमीन पर चलाई और धमकी देते हुए कहा, “मैं चाहूं तो तुझे अभी जान से मार सकता हूं।” क्लास रूप में गोली चलने की आवाज से स्कूल में कोहराम मच गया। छात्र चीखते-पुकारते हुए बाहर भागे। शोर सुनकर दौड़े प्रधानाचार्य अनुराग जैन ने जब आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, तो बेखौफ छात्र ने प्रधानाचार्य के सीने पर भी तमंचा तान दिया और उन्हें भी गोली मारने की धमकी दे डाली।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, तमंचा व कारतूस बरामद
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत कॉलेज पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रित करते हुए आरोपी छात्र को तमंचे और कारतूस के साथ दबोच लिया। कॉलेज के गार्ड ने भी सुरक्षा के मद्देनजर गेट बंद कर दिए थे।
खतौली कोतवाली प्रभारी दिनेश बघेल ने बताया कि आरोपी छात्र के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसका चालान कर दिया गया है। वहीं, जिस छात्र पर गोली चलाई गई थी, उसे भी हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और बाद में छोड़ दिया गया। प्रधानाचार्य अनुराग जैन की लिखित तहरीर पर पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Post Views: 208












Total views : 427963