Select Language :

Home » राजनीति » सपा ने लगाई पीडीए की पंचायत, सत्ताधारी दल पर बरसे सांसद हरेंद्र मलिक

सपा ने लगाई पीडीए की पंचायत, सत्ताधारी दल पर बरसे सांसद हरेंद्र मलिक

लोकपथ लाइव, मोरना/ककरौली (मुजफ्फरनगर): ककरौली में जानसठ मार्ग पर रविवार को समाजवादी पार्टी द्वारा ‘पीडीए मैंगो पार्टी’ एवं कार्यकर्ता पंचायत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मीरांपुर विधानसभा सहित जनपद भर से आए पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की भारी भीड़ उमड़ी। इस दौरान नेताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव में एकजुटता से जुटने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे मुजफ्फरनगर सांसद हरेंद्र मलिक ने सत्ताधारी दल पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। प्रदेश सरकार बुरी तरह डरी हुई है, इसी हार के डर से उसने पंचायत चुनाव को टाल दिया है। सरकार अपनी ही गलत और जनविरोधी नीतियों के जाल में खुद फंस चुकी है और आने वाले समय में उसे अपने इन फैसलों का परिणाम भुगतना पड़ेगा।
सपा जिलाध्यक्ष जिया चौधरी ने कहा कि भाजपा सामाजिक एकता को तोड़कर और समाज में फूट डालकर राजनीति करती है। इसके विपरीत, समाजवादी पार्टी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में ‘पीडीए’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूले के जरिए समाज के हर वर्ग को जोड़ने का काम किया है। इसी त्रिवेणी के सहयोग से आने वाले समय में उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार बनेगी।
कार्यक्रम के आयोजक हाजी मोहम्मद मूसा ने विरोधियों पर तंज कसते हुए कहा कि कुछ दल ऐसे हैं जिनमें अकेले चुनाव जीतने का सामर्थ्य तो नहीं है, लेकिन वे ब्लैकमेल करने की राजनीति करते हैं। सपा इस समय पीडीए फॉर्मूले पर पूरी गंभीरता से काम कर रही है, जहां सभी वर्गों को सम्मान और विश्वास मिल रहा है। इसके सुखद परिणाम आगामी चुनाव में दिखाई देंगे। मीरांपुर विधानसभा अध्यक्ष सादिक चौहान ने बताया कि कार्यक्रम में विधानसभा के सभी बूथ अध्यक्ष, सेक्टर प्रभारी और कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और संगठन को अभेद्य बनाने की रणनीति तैयार की।
इस अवसर पर मुख्य रूप से वरिष्ठ सपा नेता मौलाना नजर मोहम्मद, रजनीश यादव, हाजी लियाकत, अजय चेयरमैन, सर्वेंद्र उर्फ मिंटू प्रधान, शहजाद प्रधान, गुलशेर प्रधान, सरदार अमीर सिंह, गोल्डी अहलावत, हैप्पी अवाना, सरदार प्रेमपाल, ठाकुर राजेंद्र, विकास यादव, विनयपाल, काजी अफजल, मोहम्मद इसरार, अंजार अब्बासी, राशिद मलिक, नवाब मिस्त्री आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष जिया चौधरी तथा संचालन सादिक चौहान ने किया।

Share this post:

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments

खबरें और भी हैं...

वोट करें

[democracy id="1"]

Our Visitor

1 2 7 3 9 4
Total views : 370291

Follow us on