
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। नगर के मोहल्ला दक्षिणी कृष्णापुरी में रिहायशी इलाके के बीच मोबाइल टावर लगाए जाने को लेकर स्थानीय निवासियों और प्रशासन के बीच विवाद गहराता जा रहा है। घनी आबादी और संकरी गलियों के बीच टावर स्थापित करने की प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाते हुए मोहल्लेवासियों ने संबंधित अधिकारियों को गुमराह कर अनुमति हासिल करने का आरोप लगाया है। निवासियों का कहना है कि सुरक्षा मानकों को दरकिनार कर जबरन निर्माण कार्य आगे बढ़ाने की कोशिश की जा रही है, जिससे क्षेत्र में भारी असंतोष व्याप्त है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि 20 जून 2026 को मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर इस संबंध में पहली आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई गई थी। जनसुनवाई पर दर्ज आपत्ति के बाद नगर पालिका की टीम ने मौके का स्थलीय निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया था कि संकरी गलियों और सुरक्षा मानकों के अभाव के कारण उक्त स्थान टावर स्थापना के योग्य नहीं है, और अपनी रिपोर्ट में स्पष्ट लिखा था कि वहां टावर लगाया जाना संभव नहीं है। इसके बावजूद, अब अचानक प्रक्रिया को दोबारा शुरू किए जाने से प्रशासनिक कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं।
मोहल्लेवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि पूर्व में पालिका अधिकारियों द्वारा सौंपी गई नकारात्मक रिपोर्ट को संज्ञान में लेते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि स्थल सुरक्षा मानकों के अनुकूल नहीं है, तो किसी भी सूरत में निर्माण की अनुमति न दी जाए। इस दौरान प्रदीप शर्मा, भूपेंद्र शर्मा, कैप्टन प्रदीप वशिष्ठ, अरविंद सैनी, मुकेश वर्मा, संजीव गर्ग, अजय शर्मा, रवि धीमान, रामकुमार शर्मा, सुभाष शर्मा, मुकुल गोयल, जॉनी आर्य, बृजेश बंसल, वरुण कुमार, अंकुर गोयल, ऋत्विक जैन और रिषभ सैनी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
Post Views: 122













Total views : 408374