
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। जिले के तितावी थाना क्षेत्र के जसोई गांव के निकट लालूखेड़ी रजवाहा पटरी पर चैकिंग के दौरान सिपाही अजीत चौधरी (हैड कांस्टेबल) को बदमाशों ने गोली मार दी। ईंख के खेत में बदमाश को पकड़ते हुए लगी गोली की सूचना से हडकंप मच गया। साथी पुलिसकर्मी घायल सिपाही को समय रहते शहर के आनंद हॉस्पिटल की इमरजेंसी में लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार शुरू हुआ। सूचना मिलते ही एसएसपी सूरज कुमार राय घटना स्थल पर एसपी देहात को लेकर पहुंचे, वहीं हॉस्पिटल में एसपी सिटी घायल सिपाही के उपचार कराने में जुटे रहे।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक स्मैक की सूचना पर पुलिस टीम लालूखेडी रजवाहा पटरी पर चैकिंग कर रही थी। इसी दौरान ईंख के खेत से एक मुंह लपेटे हुए युवक बाहर निकला। उक्त संदिग्ध को देखकर पुलिस उसे पकड़ने दौड़ी तो वह ईंख के खेत में वापस घुस गया। संदिग्ध बदमाश को पकड़ने के दौरान सिपाही अजीत चौधरी को बगल के नीचे गोली लग गई, जिससे हडकंप मच गया। इसके बाद एसएसपी को मामले की जानकारी दी गई, तो वह घटना स्थल पर भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे और बदमाशों की तलाशी शुरू करा दी। वहीं दूसरी और घायल सिपाही को उचित इलाज के लिए शहर के भोपा रोड स्थित आनंद हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। बड़ी राहत की बात है की घायल सिपाही खतरे से बाहर है। पुलिस अधिकारी मामले की पूर्ण जांच पड़ताल में लगे हैं।
Post Views: 119











Total views : 441832