Select Language :

Home » एजुकेशन » गणेश शंकर विद्यार्थी और महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों से प्रेरित हुए विद्यार्थी

गणेश शंकर विद्यार्थी और महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों से प्रेरित हुए विद्यार्थी

 लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। नई मंडी स्थित भागवंती सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में शनिवार, 24 अक्टूबर 2026 को अमर शहीद गणेश शंकर विद्यार्थी एवं महर्षि वाल्मीकि जयंती की पूर्व बेला पर प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महान विभूतियों के जीवन, संघर्ष, त्याग, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक मूल्यों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता आचार्य हिमांशु ने गणेश शंकर विद्यार्थी के निर्भीक पत्रकारिता जीवन, क्रांतिकारी विचारों और राष्ट्र एवं समाज के प्रति उनके समर्पण को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि गणेश शंकर विद्यार्थी का जीवन सत्य, साहस, न्याय और जनसेवा के प्रति अटूट निष्ठा का प्रतीक है। उनके विचार आज भी लोगों को अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाने और राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।
वहीं, विद्यालय की आचार्या भावना ने महर्षि वाल्मीकि के जीवन एवं व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को उनके जीवन में आए परिवर्तन की प्रेरक कथा सुनाई। उन्होंने क्रौंच पक्षियों की मार्मिक कथा और संस्कृत श्लोक के माध्यम से करुणा, संवेदना तथा मानवीय मूल्यों का महत्व समझाया। उन्होंने विद्यार्थियों से सदाचार, परोपकार, अनुशासन और सकारात्मक विचारों को अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के समापन पर प्रधानाचार्या डॉ. वंदना शर्मा ने दोनों महान विभूतियों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि महापुरुषों की जयंती मनाने का वास्तविक उद्देश्य उनके जीवन-मूल्यों को आत्मसात कर अपने आचरण में उतारना है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, सामाजिक सद्भाव, नैतिकता और कर्तव्यनिष्ठा की भावना विकसित करते हैं। कार्यक्रम में विद्यालय का समस्त परिवार उपस्थित रहा। आयोजन प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुआ।

Share this post:

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

खबरें और भी हैं...

वोट करें

[democracy id="1"]

Our Visitor

1 7 4 6 8 5
Total views : 441469

Follow us on