
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। जनपद के 13 परीक्षा केंद्रों पर रविवार को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक आयोजित हुई इस परीक्षा में इस बार सुरक्षा के बेहद कड़े और अभूतपूर्व इंतजाम देखने को मिले। परीक्षा को पूरी तरह शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए इस बार ‘डबल लेयर’ सुरक्षा चक्र तैयार किया गया था, जिसके तहत स्थानीय पुलिस बल के साथ-साथ सभी केंद्रों पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के सशस्त्र जवान भी मुस्तैद रहे।
नीट परीक्षा की जनपद नोडल अधिकारी अंशु त्यागी ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में निर्धारित किए गए सभी 13 परीक्षा केंद्रों पर कुल 6100 अभ्यर्थी परीक्षा के लिए पंजीकृत थे। इनमें से 500 परीक्षार्थी किन्हीं कारणों से अनुपस्थित रहे, जिसके चलते कुल 5600 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। परीक्षा के दौरान पारदर्शिता बनाए रखने के लिए विशेष फ्लाइंग स्क्वाड (उड़नदस्ते) की टीमों ने विभिन्न केंद्रों पर लगातार औचक निरीक्षण किया। परीक्षा के सफल और शांतिपूर्ण समापन पर प्रशासनिक अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
परीक्षा छूटते ही चौतरफा जाम, रेंगते रहे वाहन
शाम पांच बजे जैसे ही परीक्षा समाप्त हुई, वैसे ही मुजफ्फरनगर नगर की सड़कों पर अचानक वाहनों और राहगीरों का दबाव बेहद बढ़ गया, जिससे शहर के मुख्य चौराहे और मार्ग पूरी तरह चोक हो गए। शिवचौक, मीनाक्षी चौक, महावीर चौक और अंसारी रोड सहित शहर के चप्पे-चप्पे पर भीषण जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। परीक्षा देकर लौट रहे अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों के वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और नगर में चौतरफा जाम लग गया। हालांकि, इस गंभीर जाम की समस्या से निपटने के लिए यातायात और स्थानीय पुलिस बल सड़कों पर मुस्तैद रहा और कड़ी मशक्कत के बाद यातायात को धीरे-धीरे सुचारू कराया जा सका।
Post Views: 125













Total views : 403677