
चेकिंग के दौरान भाग रहे बदमाश के साथ मुठभेड़ में घायल हुआ शातिर
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर: जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे धड़पकड़ अभियान के तहत थाना तितावी पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। बघरा-अमीरनगर मार्ग पर हुई एक दुस्साहसिक पुलिस मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने थाना तितावी के शातिर हिस्ट्रीशीटर अभियुक्त आबिद को पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया। बदमाश के पास से वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल और एक अवैध तमंचा मय कारतूस बरामद हुआ है। घायल बदमाश को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


यह पूरी कार्रवाई मेरठ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक एवं सहारनपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक के निर्देशन में, मुजफ्फरनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण में अंजाम दी गई। इसका कुशल नेतृत्व एसपी ग्रामीण श्री महाडिक अक्षय संजय, क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना गजेन्द्रपाल सिंह और थाना अध्यक्ष तितावी प्रमोद कुमार ने किया।

सूचना पर पुलिस ने बिछाया था जाल
पुलिस के अनुसार, शनिवार को थाना तितावी पुलिस मुकन्दपुर झाल मार्ग पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि बघरा-अमीरनगर मार्ग पर एक शातिर बदमाश, जिसके पास अवैध असलाह भी है, किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में मोटरसाइकिल से आने वाला है। सूचना मिलते ही तितावी पुलिस ने तुरंत बघरा-अमीरनगर मार्ग पर पहुंचकर सतर्कतापूर्वक घेराबंदी करते हुए चेकिंग शुरू कर दी।
अनियंत्रित होकर गिरी बाइक, पुलिस पर झोंका फायर
कुछ ही समय बाद पुलिस टीम को एक संदिग्ध मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। नजदीक आने पर जब पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया, तो मोटरसाइकिल चालक ने रुकने के बजाय गाड़ी को वापस मोड़कर तेजी से भागने का प्रयास किया। हड़बड़ाहट में तेजी से मोड़ने के कारण उसकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। इसके बाद बदमाश ने खुद को घिरता देख उठकर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से सीधे फायर झोंक दिया और जंगल की तरफ भागने लगा।
आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग में पैर में लगी गोली
बदमाश द्वारा चलाई गई गोली से पुलिस टीम के जवान बाल-बाल बचे। पुलिस ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए बदमाश को फायरिंग बंद करने और आत्मसमर्पण करने की कड़ी चेतावनी दी, लेकिन उस पर कोई असर नहीं हुआ। इसके बाद पुलिस टीम ने बदमाश की फायरिंग रेंज में घुसकर आत्मरक्षार्थ सूक्ष्म जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली बदमाश के पैर में लगी और वह वहीं गिर पड़ा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
थाना तितावी का हिस्ट्रीशीटर है आबिद
पकड़े गए अभियुक्त की पहचान आबिद पुत्र मौसम, निवासी ग्राम मांडी, थाना तितावी, जनपद मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आबिद इलाके का बेहद शातिर किस्म का अपराधी है और थाना तितावी का हिस्ट्रीशीटर (एचएस नं0 6ए) भी है। उसके खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि घायल अभियुक्त का अस्पताल में उपचार चल रहा है। अभियुक्त की गिरफ्तारी और अवैध शस्त्र की बरामदगी के संबंध में आर्म्स एक्ट व पुलिस पर जानलेवा हमला करने की धाराओं में अग्रिम विधिक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।











Total views : 311304