
लोकपथ लाइव, लखनऊ/मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के ऑनलाइन अटेंडेंस पोर्टल पर माध्यमिक विद्यालयों की समीक्षा में रामपुर और मुजफ्फरनगर जिले ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में पहला और दूसरा स्थान हासिल किया है। प्रदेश के सभी माध्यमिक विद्यालयों की डिजिटल निगरानी और विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति को बढ़ावा देने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत जिले की ऑनलाइन उपस्थिति में पिछले कुछ महीनों में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया है। इस उपलब्धि को लेकर जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से लेकर प्रदेश स्तर तक जिले के माध्यमिक विद्यालयों की व्यवस्थाओं की सराहना की जा रही है।
मुजफ्फरनगर ने मारी ऊंची छलांग, डीआईओएस ने बनाई व्यवस्था
मुजफ्फरनगर में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद से संबद्ध राजकीय, सहायता प्राप्त, निजी और अन्य विद्यालयों की कुल संख्या 295 है। इनमें से 128 विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति नियमित रूप से ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज की जा रही है। परिषद की ओर से विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को विद्यार्थियों की उपस्थिति अपार आईडी कोड के माध्यम से ऑनलाइन दर्ज करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद प्रधानाचार्यों की सक्रियता बढ़ी और ऑनलाइन अटेंडेंस दर्ज करने की प्रक्रिया में तेजी आई। इसका असर जिले की प्रदेश स्तरीय रैंकिंग में भी दिखाई दे रहा है। मुजफ्फरनगर ने 43.39 प्रतिशत ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कर प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल किया है।
मुजफ्फरनगर डीआईओएस हरिकेश यादव ने कहा कि ऑनलाइन पोर्टल पर विद्यार्थियों की उपस्थिति दर्ज होने से व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ी है और कक्षाओं में विद्यार्थियों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। उन्होंने बताया कि जिले के 128 विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज की जा रही है। शेष विद्यालयों में भी जल्द ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने की प्रक्रिया को रफ्तार दी जाएगी, ताकि मुजफ्फरनगर प्रदेश में शीर्ष स्थान हासिल कर सके।
रामपुर जिला 61.60 प्रतिशत आनलाइन उपस्थित से सबसे आगे
उत्तर प्रदेश में माध्यमिक शिक्षा विभाग की स्कूलों में विद्यार्थियों की आनलाइन उपस्थिति में प्रदेश स्तरीय आंकड़ों के अनुसार 61.60 प्रतिशत ऑनलाइन उपस्थिति के साथ रामपुर जिला पहले स्थान पर है। यहां कुल माध्यमिक विद्यालय 237 है, जिसमें से 146 में छात्राओं की आनलाइन उपस्थित आनलाइन लगनी सुनिश्वचित हो गई है। अब तक प्रदेश में तीसरे स्थान पर मुरादाबाद जिला है, जहां का आनलाइन उपस्थिति का प्रतिशत 43.35 है, यहां 466 माध्यमिक विद्यालय है, जिसमें से 202 में नियमित आनलाइन उपस्थिति दर्ज जा रही है।
भदोई, उन्नाव, मिर्जापुर एक प्रतिशत भी नहीं कर पाएं
माध्यमिक शिक्षा बोर्ड परिषद की वेबसाइट पर आनलाइन उपस्थित में प्रदेश में सबसे फिसड्डी भदोई, उन्नाव और मिर्जापुर है। तीन सितंबर तक इन जिले के माध्यमिक विद्यालयों में छात्रों की आनलाइन उपस्थित का आंकड़ा एक प्रतिशत तक से भी उपर नहीं उढ़ा है। जारी रिपोर्ट में भदोई में एक भी विद्यालय में आनलाइन उपस्थिति नहीं है, उन्नाव में दो और मिर्जापुर में तीन विद्यालय में ही यह व्यवस्था नियमित हो पाई है।
Post Views: 225












Total views : 409968