
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। जनपद में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने, कानून व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने और आम नागरिकों के भीतर सुरक्षा का अहसास मजबूत करने के उद्देश्य से शुक्रवार रात को मुजफ्फरनगर पुलिस ने एक बड़ा अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) के कड़े रुख और निर्देशन के बाद जिले के सभी क्षेत्राधिकारीगण (CO) और थाना प्रभारी (SHO) भारी पुलिस बल के साथ खुद सड़कों पर उतरे। पुलिस की इस व्यापक ‘पैदल गश्त’ और सघन चेकिंग अभियान से संदिग्ध तत्वों और हुड़दंगियों में हड़कंप मच गया।


बाजारों से लेकर रेलवे स्टेशन तक खंगाला, संदिग्धों से पूछताछ
अभियान के दौरान पुलिस की अलग-अलग टीमों ने अपने-अपने अधिकार क्षेत्रों के मुख्य बाजारों, व्यस्ततम चौराहों, संवेदनशील इलाकों, भीड़-भाड़ वाले स्थानों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, बैंकों, एटीएम, धार्मिक स्थलों और विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर सघन पैदल भ्रमण किया। इस दौरान सड़क पर बिना किसी ठोस कारण के घूम रहे संदिग्ध युवकों को रोककर पूछताछ की गई और उनके वाहनों के कागजात जांचे गए। पुलिस ने संवेदनशील चौराहों पर पिकेट और गश्त को और अधिक मजबूत करने के निर्देश दिए हैं।

व्यापारियों से संवाद: सुरक्षा का भरोसा देकर सुनीं समस्याएं
पैदल गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों ने सिर्फ सुरक्षा ही नहीं परखी, बल्कि स्थानीय स्तर पर जनता से जुड़ाव भी मजबूत किया। अधिकारियों ने मुख्य बाजारों के व्यापारियों, राहगीरों और स्थानीय नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित किया। जनता की समस्याओं को मौके पर ही सुना गया और त्वरित निस्तारण का आश्वासन दिया गया। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि, लावारिस वस्तु या संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या कंट्रोल रूम को दें, ताकि समय रहते बड़ी घटना को टाला जा सके।
ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को कड़े निर्देश
गश्त के दौरान उच्चाधिकारियों ने विभिन्न पॉइंट्स पर तैनात पुलिसकर्मियों और होमगार्ड्स की मुस्तैदी का जायजा लिया। ऑन-ड्यूटी पुलिस बल को कड़े निर्देश देते हुए अधिकारियों ने कहा कि रात्रि गश्त को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। संवेदनशील और आपराधिक प्रवृत्ति के हॉटस्पॉट वाले स्थानों पर विशेष नजर रखी जाए। साथ ही, चेकिंग के दौरान आम जनता और राहगीरों के साथ शालीनता एवं विनम्रता का व्यवहार किया जाए, ताकि पुलिस की छवि बेहतर बनी रहे।”
छपार टोल प्लाजा पर यातायात पुलिस का हंटर: नशेड़ियों और मॉडिफाइड साइलेंसरों पर नकेल
इसी महा-अभियान के अंतर्गत यातायात पुलिस (Traffic Police) की एक विशेष टीम ने छपार टोल प्लाजा क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान हाईवे पर रफ्तार भरने वाले वाहनों को रोककर जांच की गई। पुलिस ने ब्रेथ एनालाइजर (Breath Analyzer) के माध्यम से वाहन चालकों की जांच की, जिसमें शराब पीकर गाड़ी चलाने वाले (Drunken Driving) कई चालकों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई और चालान किए गए। इसके अतिरिक्त, बुलेट और अन्य बाइकों में ‘मॉडिफाइड साइलेंसर’ लगाकर सड़कों पर पटाखा छोड़ने और ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले हुड़दंगियों को भी आड़े हाथों लिया गया। ऐसे वाहनों को सीज और चालान करने की कार्रवाई करते हुए भविष्य के लिए सख्त हिदायत दी गई।












Total views : 318792