
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं का भेष धारण कर मोबाइल और सामान चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को थाना खालापार पुलिस ने घटना के महज आठ घंटे के भीतर गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के आठ मोबाइल फोन, काला बैग, आधार कार्ड, पैन कार्ड की छायाप्रति, 700 रुपये नकद, एक बड़ा जैक, डिश/केबिल का तार तथा एक अवैध चाकू बरामद किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई को कांवड़ यात्रा सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।


पुलिस के अनुसार 5 अगस्त को हापुड़ निवासी कांवड़िया नरेंद्र उर्फ छोटू ने मीनाक्षी चौक स्थित जूस की दुकान से बैग चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बैग में छह स्मार्टफोन, दो कीपैड मोबाइल, पहचान पत्र और दो हजार रुपये नकद रखे थे। इसी दिन खालापार निवासी निजाम ने अपने घर से बड़ा जैक और डिश केबल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई। दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम गठित की गई।

सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने शामली बाईपास स्थित वहलना पुल अंडरपास से बिलाल उर्फ नजाकत निवासी किदवईनगर, मुजफ्फरनगर और असगर निवासी मेरठ को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने कांवड़िया का वेश धारण कर श्रद्धालु का बैग चोरी किया था। बैग में मिले आठों मोबाइल और नकदी आपस में बांट ली थी। इसके बाद रात में एक घर से बड़ा जैक और डिश केबल भी चोरी कर ली थी। चोरी का सामान बेचने की फिराक में दोनों वहलना पुल के पास घूम रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
जांच में यह भी सामने आया कि दोनों आरोपी पहले से ही कई आपराधिक मामलों में नामजद हैं। बिलाल पर आर्म्स एक्ट सहित कई मुकदमे दर्ज हैं, जबकि असगर के खिलाफ चोरी, आर्म्स एक्ट और आबकारी अधिनियम के तहत अनेक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। खालापार पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से कांवड़ यात्रा के दौरान सक्रिय चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश होने के साथ श्रद्धालुओं में सुरक्षा का भरोसा भी मजबूत हुआ है।












Total views : 394742