
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। मीनाक्षी चौक स्थित जैन इंटर कॉलेज में गुरुवारसेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत भाषण प्रतियोगिता हुई। इसमें मुख्य विषय मेरे सपनों का भारत विकसित भारत 2047 रखा गया था। कार्यक्रम में नोडल अधिकारी राधे वर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। प्रतियोगिता का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, जिसके बाद कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लेते हुए देश के विकास और भविष्य की प्राथमिकताओं पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
प्रतियोगिता के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने 2047 तक भारत को एक सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में अपने विजन और नए विचारों को प्रमुखता से रखा। आयोजन के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शुरुआती 10 टॉपर छात्र-छात्राओं को विद्यालय प्रबंधन द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं, शीर्ष तीन स्थान प्राप्त करने वाले विजेता छात्र अब जनपद स्तर पर आयोजित होने वाली आगामी भाषण प्रतियोगिता में विद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नोडल अधिकारी राधे वर्मा ने कहा कि विद्यालयों में इस प्रकार की बौद्धिक प्रतियोगिताओं का निरंतर आयोजन होना बेहद जरूरी है। ऐसे मंचों से बच्चों के आत्मविश्वास में वृद्धि होती है और उनकी अंतर्निहित प्रतिभा में निखार आता है। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. वशिष्ठ भारद्वाज ने जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित शीर्ष तीन विद्यार्थियों को बधाई दी और अपने व्याख्यान को अधिक प्रभावी बनाने के महत्वपूर्ण टिप्स साझा किए।
प्रतियोगिता को निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाए रखने के लिए निर्णायक मंडल की महत्वपूर्ण भूमिका श्री प्रवीण कुमार जैन, श्री अजय अग्रवाल तथा श्री विजय शर्मा (प्रथम) ने निभाई। वहीं, कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संपन्न कराने में श्री विजय कुमार शर्मा (द्वितीय), अनुषा मैडम और मंजू सोलंकी मैडम का विशेष योगदान रहा।
Post Views: 81













Total views : 421593